बीजापुर पहुंची जाँच टीम: तलाशेगी आँखों में संक्रमण की वजह

स्वास्थ्य संचालक द्वारा गठित की गई टीम गुरूवार को बीजापुर जिला अस्पताल निरीक्षण करने पहुंची। टीम ने नेत्र वार्ड में भर्ती मरीजों से बात की।

Updated On 2025-11-14 09:36:00 IST

File Photo 

बीजापुर। स्वास्थ्य संचालक द्वारा गठित की गई टीम गुरूवार को बीजापुर जिला अस्पताल निरीक्षण करने पहुंची। टीम ने नेत्र वार्ड में भर्ती मरीजों से बात की, उसके बाद ऑपरेशन थिएटर का मुआयना किया जहां मरीजों का ऑपरेशन किया गया था। टीम स्वास्थ्य संचालक को चार दिनों के अंदर जांच रिपोर्ट सौंपेगी। उसके बाद ही मालूम होगा किन कारणों से मरीजों की आंखों में गंभीर इन्फेक्शन हुआ है।

बीजापुर जिला अस्पताल में 14 मरीजों के मोतियाबिंद ऑपरेशन के बाद 8 महिला एवं एक पुरुष की आंखों में सूजन और इन्फेक्शन होने के बाद मेकहारा रायपुर में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। प्रकरण की जानकारी लगने के बाद स्वास्थ्य संचालक ने तत्काल इस घटना की जांच के लिए राज्य स्तर पर तीन सदस्य टीम का गठन किया, जिसमें डॉ. निधि अत्रिवाल, राज्य कार्यक्रम अधिकारी, संयुक्त संचालक डॉ. महेश एवं डॉ. सरिता थॉमस, नेत्र रोग विशेषज्ञ (जिला अस्पताल जगदलपुर) 3 बजे बीजापुर जिला अस्पताल निरीक्षण करने पहुंचे हुए हैं।

अस्पताल स्टाफ और मरीजों से हुई इंक्वायरी
पहले टीम सिविल सर्जन कार्यालय में बैठकर, मरीजों के बारे में डॉक्टर और कर्मचारियों से 1 घंटे तक पूछताछ करती रही, उसके बाद टीम ने आई वार्ड में जाकर वर्तमान में मोतियाबिंद ऑपरेशन हुए मरीजों से मुलाकात की। उनसे ऑपरेशन और सेवन की गई दवा गोली की जानकारी ली, फिर टीम उस ऑपरेशन थिएटर में पहुंची, जहां मरीजों का बारी बारी से ऑपरेशन हुआ था। टीम सारी तहकीकात कर चार दिनों के अंदर स्वास्थ्य संचालक को रिपोर्ट सौंपेगी। उसके बाद ही मरीजों को ऑपरेशन के बाद किन कारणों से इन्फेक्शन हुआ है, इसकी जानकारी होगी।

छह मरीजों का विट्रेक्टोमी ऑपरेशन, एक कार्निया प्रत्यारोपण
इधर, आंबेडकर अस्पताल में भर्ती किए गए मरीजों का इलाज जारी है। नेत्ररोग विभागाध्यक्ष डॉ. निधि पांडेय ने बताया कि बीजापुर के जिला अस्पताल से रेफर होकर आये पोस्ट-ऑपरेटिव एंडोफ्थालमाइटिस के छह मरीजों का विट्रेक्टोमी ऑपरेशन किया गया है। सभी नौ मरीजों को इंट्राविट्रियल इंजेक्शन दिए गए हैं। इसके साथ ही एक मरीज का कार्निया प्रत्यारोपण भी किया गया है। वर्तमान में सभी मरीजों की स्थिति स्थिर है। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने चिकित्सा महाविद्यालय के डीन डॉ. विवेक चौधरी एवं आंबेडकर अस्पताल के अधीक्षक डॉ. संतोष सोनकर को मरीजों के उपचार एवं उचित देखभाल के लिए निर्देश दिए हैं।

बयान लिया गया
जगदलपुर संयुक्त संचालक डॉ. महेश ने बताया कि, पहले हम तो अच्छे से जांच कर लें, फिर इसकी विस्तृत जानकारी दी जाएगी। मरीजों की आंखों में किन कारणों से इन्फेक्शन हुआ है, अभी कुछ पता नहीं चला है। डॉक्टर, कर्मचारी और मरीजों का बयान लिया गया, जांच रिपोर्ट बनाने में तीन से चार दिन लगेंगे, उसके बाद ही वजह मालूम होगी।

Tags:    

Similar News