डॉ. हेडगेवार पर नाटक: अविष्कार राष्ट्रभाव, समर्पण और संस्कारों से ओत- प्रोत प्रस्तुति

संस्कृति विभाग के सौजन्य से बस्तर में हुआ प्रभावशाली मंचन। राष्ट्रीय चेतना, संगठन और सेवा-समर्पण का मजबूत संदेश दिया गया।

Updated On 2025-11-22 17:44:00 IST

डॉ. हेडगेवार पर मंचन

अनिल सामंत- जगदलपुर। बस्तर हाई स्कूल के मंच पर नादब्रह्म द्वारा राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के आद्य सर संघचालक, डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार के जीवन पर आधारित भव्य नाटक अविष्कार का प्रभावशाली मंचन किया गया।

संस्कृति विभाग छत्तीसगढ़ शासन के सौजन्य से आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि केदार कश्यप, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव और विशिष्ट अतिथि महेश कश्यप, सुकालूराम बघेल, विनायक गोयल, संजय पांडे एवं मुख्य वक्ता संजय तिवारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन से हुई। आयोजक प्रगति प्रयास सामाजिक सेवा संस्था व नाट्य दल ने अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया। मुख्य अतिथि एवं अध्यक्ष ने नाटक की संकल्पना, प्रस्तुति और संदेश की भरपूर प्रशंसा की।


संजय तिवारी ने डॉ. हेडगेवार के जीवन पर डाला प्रकाश
मुख्य वक्ता एवं राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के प्रांत प्रचार प्रमुख संजय तिवारी ने डॉ. हेडगेवार के राष्ट्रजीवन, त्याग, संगठन क्षमता और भारत माता के प्रति उनके अद्वितीय समर्पण पर प्रकाश डाला। उन्होंने आग्रह किया कि, समाज एकजुट होकर राष्ट्रसेवा के उच्च आदर्शों को आत्मसात करे।


नगर संघ चालक ने संयोजक का किया सम्मान
इसके बाद नगर संघ चालक सुबीर नन्दी ने संयोजक अरविंद उपाध्याय का सम्मान कर मंच सौंपा। नाट्य दल द्वारा भी नगर संघचालक का सम्मान किया गया। तत्पश्चात आरंभ हुआ वह बहुप्रतीक्षित ऐतिहासिक नाटक, जिसका दर्शकों को बेसब्री से इंतजार था। 2 घंटे 15 मिनट की इस प्रभावपूर्ण प्रस्तुति में मध्यांतर के दौरान नाट्य दल का सम्मान स्मृति-चिह्न प्रदान कर किया गया।


मंचन के दौरान भारत माता की जय, वंदे मातरम का जयघोष
नाटक का अंतिम दृश्य अत्यंत भावनात्मक रहा। अतिथियों सहित विभाग,जिला एवं नगर के सभी संघचालकों ने डॉ. हेडगेवार के चरणों में पुष्प अर्पित कर कृतज्ञता व्यक्त की। मंचन के दौरान दर्शकों में भारत माता की जय और वंदे मातरम के जयघोष गूंजते रहे। मंच संचालन स्वप्निल ने किया तथा सिद्धार्थ तिवारी का विशेष सहयोग रहा।


नाटक अविष्कार की मुख्य झलकियां
डॉ. हेडगेवार के आदर्शों पर केंद्रित कथा, राष्ट्रभाव जगाने वाला संदेश, प्रभावशाली अभिनय, 2 घंटे 15 मिनट की प्रस्तुति, नाट्य दल का सम्मान, अतिथियों द्वारा पुष्पांजलि, दर्शकों में भारत माता की जय के नारों की गूंज, संघ की संगठनात्मक प्रेरणा, संस्कृति विभाग का सहयोग।

Tags:    

Similar News