छत्तीसगढ़ के दिव्यांग चित्रकार को राष्ट्रीय पुरस्कार: राष्ट्रपति मुर्मू ने बसंत साहू को किया सम्मानित, सर्वश्रेष्ठ दिव्यांगजन कलाकार की श्रेणी में मिला सम्मान

कुरुद के दिव्यांग चित्रकार बसंत साहू को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रीय पुरस्कार 2025 से सम्मानित किया, वे पिछले 30 वर्षों से व्हीलचेयर पर बैठकर कला साधना कर रहे हैं।

By :  Ck Shukla
Updated On 2025-12-04 11:20:00 IST

दिव्यांग चित्रकार बसंत साहू को राष्ट्रीय पुरस्कार

यशवंत गंजीर - कुरुद। धमतरी जिले के कुरुद निवासी और देशभर में अपनी कला के लिए पहचाने जाने वाले चित्रकार बसंत साहू को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अंतर्राष्ट्रीय दिव्यांगजन दिवस पर सम्मानित किया। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा दिए जाने वाले राष्ट्रीय दिव्यांगजन सशक्तिकरण पुरस्कार 2025 के तहत उन्हें ‘सर्वश्रेष्ठ दिव्यांगजन कलाकार’ की श्रेणी में यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया गया।

95% दिव्यांग, पर हौसले 100% बसंत
52 वर्षीय बसंत साहू 95% दिव्यांग हैं, लेकिन व्हीलचेयर पर बैठकर उन्होंने रंगों के माध्यम से दुनिया को एक अनोखी दृष्टि दी है। पिछले 30 वर्षों से वे लगातार पेंटिंग बना रहे हैं, और एक पेंटिंग को पूरा करने में उन्हें लगभग चार से पाँच दिन लग जाते हैं।

कला प्रेमियों के अनुसार, बसंत की पेंटिंग्स में सौंदर्य, संवेदनशीलता और गहराई का अद्भुत मेल दिखाई देता है। जीवन के संघर्षों से जूझ रहे लोगों के लिए वे जीवंत प्रेरणा बन चुके हैं। उनकी कला यह संदेश देती है कि 'दिव्यांगता शरीर में होती है, मन में नहीं।'

दया नहीं, सम्मान की जरूरत- राष्ट्रपति मुर्मू
समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने एक अन्य दिव्यांग कलाकार गायत्री गुप्ता को भी राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा 'किसी समाज को तभी विकसित कहा जा सकता है, जब दिव्यांगजनों के साथ समानता और सम्मान का व्यवहार हो। उन्हें दया नहीं, गरिमा और अवसरों की आवश्यकता है।'

शरीर सीमित, आत्मा असीम- बसंत साहू
राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त करने के बाद अपनी प्रतिक्रिया में बसंत साहू ने कहा 'जब कर्म समर्पण बन जाए और सीमाएँ साधना, तो पुरस्कार परमात्मा की कृपा बन जाते हैं। यह सम्मान सिर्फ मेरा नहीं, मेरी माँ की तपस्या और लोगों के स्नेह का फल है। मैंने जीवन से सीखा है कि शरीर सीमित हो सकता है, पर आत्मा की उड़ान अनंत होती है।' उनकी हर पेंटिंग उसी अनंत उड़ान की गवाही देती है।

प्रदेशभर में खुशी की लहर
बसंत साहू को राष्ट्रीय सम्मान मिलने पर पूरे प्रदेश में हर्ष का माहौल है। बधाई देने वालों में प्रमुख हैं:

  • मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय
  • उपमुख्यमंत्री अरुण साव
  • प्रभारी मंत्री टंक राम वर्मा
  • विधायक अजय चंद्राकर
  • नगर पालिका कुरुद अध्यक्ष ज्योति भानु चंद्राकर
  • नव-नियुक्त कांग्रेस जिलाध्यक्ष तारणी नीलम चंद्राकर
  • बसंत फाउंडेशन से जुड़े अनेक लोग
  • कुरुद वासियों की बड़ी संख्या

सभी ने बसंत की उपलब्धि को प्रदेश का गौरव बताते हुए शुभकामनाएँ दीं।

Tags:    

Similar News