'विकसित छत्तीसगढ़' की दिशा में एक और कदम: दिव्यांगजनों के लिए 5 एकड़ में बनेगा आधुनिक पार्क- मुख्यमंत्री साय
मुख्यमंत्री साय ने रायपुर में दिव्यांग बच्चों के साथ दीपावली मनाई। उन्होंने घोषणा की कि राजधानी में दिव्यांगजनों के लिए 5 एकड़ भूमि में सर्व-सुविधायुक्त पार्क का निर्माण किया जाएगा।
दिव्यांगजनों के साथ दीपावली की खुशियां साझा करते सीएम विष्णुदेव साय
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज राजधानी रायपुर स्थित एक निजी होटल में आयोजित छत्तीसगढ़ सीमेंट ट्रांसपोर्ट वेलफेयर एसोसिएशन के दीपावली मिलन समारोह में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने जरूरतमंद दिव्यांग बच्चों के साथ दीपावली की खुशियां साझा कीं और कहा कि राज्य सरकार दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण के लिए पूरी तरह संकल्पित है।
दिव्यांग बच्चों से आत्मीय मुलाकात
मुख्यमंत्री ने बच्चों से आत्मीयता के साथ भेंट की और उन्हें दीपावली की शुभकामनाएं दीं। कोंपलवाणी और अर्पण दिव्यांग संस्था के बच्चों ने साइन लैंग्वेज में शानदार प्रस्तुति दी। मुख्यमंत्री ने बच्चों के साथ साइन लैंग्वेज में “गुड मॉर्निंग” और “गुड आफ्टरनून” जैसे शब्द सीखे।
दिव्यांग पार्क की घोषणा
मुख्यमंत्री साय ने बताया कि केंद्रीय सामाजिक न्याय मंत्री डॉ. वीरेंद्र खटीक द्वारा की गई घोषणा के अनुसार, रायपुर में 5 एकड़ भूमि पर दिव्यांगजनों के लिए सर्व-सुविधायुक्त पार्क का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि, राज्य में दिव्यांगजनों के विकास के लिए कृत्रिम अंग, रोजगार और ऋण जैसी योजनाएं संचालित हैं।
एसोसिएशन की सराहना
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ सीमेंट ट्रांसपोर्ट वेलफेयर एसोसिएशन जनसेवा की दिशा में सराहनीय कार्य कर रहा है। पूर्व में एसोसिएशन ने मरीजों के लिए एम्बुलेंस भी उपलब्ध कराई थी, जिससे अनेक लोगों को लाभ मिला है।
विकसित छत्तीसगढ़ का विजन
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह वर्ष छत्तीसगढ़ की रजत जयंती का वर्ष है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी राज्योत्सव का शुभारंभ करेंगे। राज्य सरकार ने विकसित छत्तीसगढ़ विजन डॉक्यूमेंट तैयार किया है, और सभी के सहयोग से वर्ष 2047 तक विकसित भारत का सपना साकार किया जाएगा।
अन्य अतिथियों के विचार
पूर्व राज्यपाल श्री रमेश बैस ने कहा कि दिव्यांग बिल के पारित होने के बाद दिव्यांगजनों की सुविधाओं में तीन गुना वृद्धि हुई है। वनमंत्री केदार कश्यप ने कहा कि जीएसटी दरों में कमी से दीपावली का उत्सव और भव्य हुआ है। राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा और कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने भी दिव्यांगजनों के साथ आयोजन की सराहना की।
विधायक इंद्र कुमार साहू, रायपुर की महापौर मीनल चौबे, छत्तीसगढ़ सीमेंट ट्रांसपोर्ट वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष अंजय शुक्ला, कोंपलवाणी और अर्पण संस्था के बच्चे एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।
कला का सम्मान
मुख्यमंत्री के समक्ष पैरों से चित्रकारी करने वाले दिव्यांग कलाकार गोकर्ण पाटिल ने अपनी कला का प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री ने उनकी प्रतिभा की प्रशंसा करते हुए उन्हें प्रोत्साहित किया और बच्चों को गर्म कपड़े वितरित किए।