विदेशी पर्यटकों को भी भाया हमारा बार नवापारा: यूरोप के लातविया से मीलों दूर सुकून की तलाश में पहुँचीं अंतर्राष्ट्रीय पर्यटक, हुईं मंत्रमुग्ध

बलौदाबाजार जिले के बार नवापारा अभयारण्य में यूरोप से आई पर्यटक बाइबा कालनीना ने भ्रमण किया। उन्होंने वन्यजीवों और प्राकृतिक सुंदरता की सराहना की।

Updated On 2025-12-24 12:37:00 IST

बार नवापारा भ्रमण करती हुईं अंतर्राष्ट्रीय पर्यटक

कुश अग्रवाल- बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के जंगल अपनी अद्भुत प्राकृतिक सुंदरता और समृद्ध जैव विविधता के कारण देश ही नहीं, बल्कि विदेशों तक अपनी पहचान बना रहे हैं। इसका ताजा उदाहरण बलौदाबाज़ार जिले में स्थित बार नवापारा अभयारण्य है, जहाँ हाल ही में यूरोप के देश लातविया से अंतर्राष्ट्रीय पर्यटक बाइबा कालनीना पहुँचीं।

पर्यटक बाइबा ने बार नवापारा अभयारण्य की शांत, स्वच्छ और मनोहारी प्राकृतिक वातावरण की भरपूर सराहना की। उन्होंने बताया कि, यहाँ प्रकृति के बीच बिताए गए पल उनके लिए अत्यंत सुकूनदायक रहे। अभयारण्य भ्रमण के दौरान उन्होंने भालू, गौर, कृष्णमृग, सांभर एवं स्पॉटेड डियर जैसे वन्यजीवों को उनके प्राकृतिक आवास में नज़दीक से देखा, जो निर्भीक होकर विचरण करते नजर आए। पर्यटक बाइबा ने अभयारण्य के गाइड दीपक की विशेष प्रशंसा करते हुए कहा कि, उनके मार्गदर्शन में उन्हें यहां के वन्यजीवों, फ्लोरा-फौना और जैव विविधता की विस्तृत और रोचक जानकारी मिली। उन्होंने गाइड के ज्ञान और व्यवहार को सराहनीय बताया।


इको-टूरिज्म को बढ़ावा देने में जुटा वन विभाग
उल्लेखनीय है कि, वन विभाग द्वारा बार नवापारा अभयारण्य में सुरक्षित एवं सतत इको-टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। स्थानीय समुदायों की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए पर्यटन, संरक्षण और आजीविका के बीच संतुलन बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। राज्य शासन और वन विभाग की पहल से प्रदेश के राष्ट्रीय उद्यानों और अभयारण्यों में पर्यटकों की संख्या लगातार बढ़ रही है।

जैव विविधता और सफारी का अनूठा अनुभव
बार नवापारा अभयारण्य में तेंदुआ, भालू, गौर, कृष्णमृग, सांभर, जंगली सूअर सहित अनेक प्रमुख वन्यजीवों को प्राकृतिक परिवेश में देखने का अवसर मिलता है। इसके साथ ही 200 से अधिक प्रजातियों के पक्षी यहाँ पाए जाते हैं, जो पक्षी प्रेमियों और प्रकृति प्रेमियों के लिए विशेष आकर्षण हैं। छत्तीसगढ़ का प्रमुख वन्यजीव अभयारण्य बार नवापारा 1 नवंबर 2025 से पुनः पर्यटकों के लिए खोल दिया गया है और अब यह तेजी से पर्यटकों की पहली पसंद बनता जा रहा है। समृद्ध जैव विविधता, मनमोहक वातावरण और रोमांचकारी सफारी अनुभव इसे खास बनाते हैं।

पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र
पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष सफारी व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ किया गया है। अभयारण्य में रवान, पकरीद और बरबसपुर- तीन मुख्य गेटों से सफारी सुविधा उपलब्ध है। इसके साथ ही विशेष लेपर्ड सफारी जोन भी विकसित किया गया है, जहाँ तेंदुआ दर्शन की संभावनाएँ अधिक हैं और यह जोन पर्यटकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बन चुका है।

Tags:    

Similar News