फेसबुक पोस्ट पर बवाल: विधायक मोतीलाल साहू ने थाने में की शिकायत, भूपेश बघेल पर लगाए गंभीर आरोप
'भूपेश है तो भरोसा है' नामक फेसबुक पेज से किए गए पोस्ट को लेकर अब सियासत गरमाने लगी है। भाजपा विधायक मोतीलाल साहू ने पुलिस से शिकायत की है।
सीएसपी सिविल लाइन रमाकांत साहू को शिकायत सौंपते हुए विधायक मोतीलाल साहू।
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में भाजपा- कांग्रेस के बीच एक नया विवाद छिड़ गया है। उल्लेखनीय है कि, 'भूपेश है तो भरोसा है' नामक फेसबुक पेज से एक पोस्ट किया गया। जिसके बाद भाजपाइयों ने पोस्ट को विवादित बताते हुए थाने में शिकायत दर्ज कराई है। जिसमें उन्होंने विशेष जाति को टारगेट कर निम्न स्तरीय टिप्पणी करने का आरोप लगाया है।
मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरा मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है। शिकायत में कहा गया है कि, प्रदेश के स्थापना दिवस के अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री अपने जातीय समर्थकों के साथ प्रदेश में बड़े पैमाने पर जाति आधारित विभेद पैदा कर अशांति फैलाना चाहते हैं। हम सबने देखा है कि, कांग्रेस में शासनकाल में तत्कालीन मुख्यमंत्री ने साहू बनाम बघेल का विषय बनाने की लगातार कोशिश की थी। अब प्रदेश में बुरी तरह पराजित होने के बाद वे पुनः ऐसे ही षड्यंत्र में लग गए है। फेसबुक पेज भूपेश है तो भरोसा है के पेज में 'कहां राजा भोज कहां गंगू तेली' पोस्ट कर सीधे तौर पर तेली समाज को गाली दी गयी है।
साहू समाज में घृणा पैदा करने का लगाया आरोप
विवादित पोस्ट कर राजनीतिक गुटबाजी के तहत प्रदेश में जाति समुह के मध्य शत्रुता पैदा कर समाज के सौहार्द्र पर प्रतिकुल प्रभाव डालकर वैमनस्यता और घृणा पैदा किया गया है। इससे 'साहू समाज' में आक्रोश है साथ ही प्रदेष के लोकप्रिय और ऐतिहासिक जनादेष से चुन कर आये पहले आदिवासी मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को भी अपमानित करने की साजिश की गई है। जिससे विभिन्न समाजों में गहरा आक्रोष है। अतः निवेदन है कि, कृपया उपरोक्त पोस्ट का अवलोकन कर फेसबुक पेज भूपेश है तो भरोसा है।
भाजपाइयों ने दर्ज कराई शिकायत
सिविल लाइन थाना में भाजपा विधायक मोतीलाल साहू ने मामले में पुलिस में शिकायत दर्ज कराया है। उन्होंने पूर्व CM भूपेश बघेल पर अशांति फैलाने और जातिगत दंगा की साजिश करने का आरोप लगाया है। इस दौरान भाजपा के पदाधिकारी भी मौजूद थे। यह शिकायत फेसबुक में आपत्तिजनक कंटेंट को लेकर की गई है। जिसे भाजपा ने 'भूपेश है तो भरोसा है' पेज से साहू समाज के खिलाफ टिप्पणी करना बताया है।
अशांति फैला रही कांग्रेस - मोतीलाल साहू
BJP विधायक मोतीलाल साहू ने कहा- भूपेश बघेल सत्ता के लिए छग की शांत वातावरण अशांत कर रहे हैं। सोशल मीडिया में जातिगत विभेद पैदा करने की कोशिश की जा रही है। एक समाज को दूसरे से लड़ाने की साजिश कर रहे हैं। अब तक प्रदेश में जितनी घटनाएं हुई कांग्रेस का हाथ रहा है, 'भूपेश है तो भरोसा है' पेज से आपत्तिजनक टिप्पणी हुई है।
तेली समाज का अपमान - विधायक साहू
BJP विधायक मोतीलाल साहू ने कहा- इस पेज से तेली समाज को गाली देने का काम किया जा रहा है। आदिवासी CM विष्णुदेव साय के खिलाफ टिप्पणी कर रहे हैं। जनता ऐसी बातें बर्दाश्त नहीं करती, सख्त कार्रवाई होना चाहिए। भूपेश बघेल से पूछताछ होना चाहिए जो संरक्षण दे रहे हैं।