भारतीय किसान यूनियन ने बढ़ाए मदद के हाथ: बस्तर के बाढ़ पीड़ितों के लिए प्रशासन को सौंपी राहत सामग्री

भारतीय किसान यूनियन ने बाढ़ से प्रभावित गांवों को जरूरत की सामग्री दी। जिससे बाढ़ प्रभावित पीड़ितों को मदद मिलेगा।

Updated On 2025-09-11 15:49:00 IST

बाढ़ प्रभावित गांवों में टिकैत ने पहुंचाई राहत सामग्री

दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के कई जगह पर लगातार हो रही भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। वहीं बाढ़ के कारण बस्तर, दंतेवाड़ा, सुकमा और बीजापुर जिलों के कई ग्राम बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। इस प्राकृतिक आपदा से पीड़ित महिलाओं और बच्चों की दैनिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) छत्तीसगढ़ की ओर से राहत सामग्री का वितरण किया गया।

राहत सामग्री में पहनने के लिए कपड़े, चादरें, बेडशीट और खाने की सुखी वस्तुएँ शामिल थीं। इन सामग्रियों को प्रभावित परिवारों तक पहुँचाकर उन्हें तात्कालिक सहयोग प्रदान किया गया।

संगठन हमेशा किसानों और आम जनता की मदद करेगा
भारतीय किसान यूनियन ने कहा कि, प्राकृतिक आपदा की इस घड़ी में संगठन हमेशा किसानों और आम जनता के साथ खड़ा है और आगे भी ज़रूरत पड़ने पर हर संभव मदद करेगा।

ये लोग रहे मौजूद
इस अवसर पर भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश प्रभारी प्रवीन क्रांति, प्रदेश अध्यक्ष संजय पंत, प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्णा नरवाल, प्रदेश सह सचिव कमल कुशवाह, प्रदेश महासचिव तेजराम विद्रोही, बस्तर संभाग अध्यक्ष शिवा स्वर्णकार, कार्यकारिणी सदस्य सुरेंदर शर्मा, तथा दंतेवाड़ा जिले के कार्यकर्त्ता उपस्थित रहे।

बाढ़ पीड़ितों के लिए चेम्बर ऑफ कॉमर्स ने बढ़ाए हाथ
वहीं छत्तीसगढ़ के प्राकृतिक सौंदर्य और समृद्ध संस्कृति की भूमि बस्तर इन दिनों बाढ़ की भयावह त्रासदी से जूझ रही है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो चुका है। लोगों के घर, आजीविका और आवश्यक संसाधन जलमग्न हो जाने से हजारों परिवार कठिन परिस्थितियों का सामना कर रहे हैं। इस गंभीर आपदा की घड़ी में हर हृदय बस्तरवासियों की पीड़ा से व्यथित है। ऐसे संकट के समय में मानवीयता और सहयोग की भावना को आगे बढ़ाते हुए छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने राहत कार्यों में सक्रिय योगदान दिया है। चेम्बर के नेतृत्व में न्यू बर्तन व्यापारी संघ नयापारा तथा होलसेल कपड़ा व्यापारी संघ पंडरी सहित व्यापारी बंधुओं के सहयोग से राहत सामग्री एकत्रित की गई।

महापौर मीनल चौबे को सौंपी राहत सामग्री
इस राहत सामग्री में बाढ़ प्रभावित परिवारों की तात्कालिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए बर्तन एवं मच्छरदानी प्रमुख रूप से शामिल किए गए। चेम्बर अध्यक्ष सतीश थौरानी के नेतृत्व में व्यापारीयों ने नगर निगम रायपुर की महापौर मीनल चौबे से भेंट कर उन्हें राहत सामग्री सौंपी, ताकि प्रभावित परिवारों तक समय पर आवश्यक सहयोग पहुँच सके।

यह बस्तर की नहीं, बल्कि, पूरे प्रदेश की आपदा
छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष सतीश थौरानी ने कहा कि, बस्तर की यह आपदा केवल बस्तर की नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ की पीड़ा है। छत्तीसगढ़ चेम्बर परिवार पीड़ित भाई-बहनों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है। हमारा संकल्प है कि हर संभव सहयोग करते रहेंगे और आवश्यकता पड़ने पर राहत कार्यों को और गति देंगे। छत्तीसगढ़ चेम्बर परिवार सदैव प्रदेशवासियों के सुख-दुःख में सहभागी रहा है और आगे भी ‘सेवा ही संगठन’ की भावना के साथ समाजहित में कार्य करता रहेगा। इस अवसर पर प्रदेश कोषाध्यक्ष निकेश बरडिया, कार्यकारी अध्यक्ष राधाकिशन सुंदरानी, पार्षद अमर गिदवानी एवं व्यापारीगण प्रमुख रुप से उपस्थित थे।

Tags:    

Similar News