साय सरकार का फैसला : अब 4 फरवरी तक होगी धान खरीदी, अब तक हुई 38.78 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी

सीएम विष्णुदेव साय ने अब राज्य में 3 और 4 फरवरी को भी उपार्जन केन्द्रों में धान की खरीदी की जाएगी। अब तक 38.78 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी हो चुकी है।

By :  Ck Shukla
Updated On 2024-01-31 12:48:00 IST
सीएम विष्णुदेव साय

रायपुर। छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णुदेव साय ने धान खरीदी के समय को 4 दिन और बढ़ा दिया है। किसानों से धान की खरीदी अब 4 फरवरी रविवार तक की जाएगी। सीएम साय ने राज्य में रिकार्ड धान खरीदी के बावजूद किसानों को धान बेचने में किसी तरह की परेशानी न हो इसको ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया है। 

गौरतलब है कि, प्रदेश में चालू खरीफ विपणन वर्ष में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की अंतिम तिथि 31 जनवरी निर्धारित थी। ऐसे में धान खरीदी के लिए मात्र एक दिन का समय बचा हुआ था। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने धान बेचने से शेष रह गये किसान भी आसानी से अपना धान बेच सकें, इसको ध्यान में रखते हुए धान खरीदी 4 फरवरी तक किए जाने के निर्देश संबंधित विभाग के अधिकारियों को दिए हैं। मुख्यमंत्री ने राज्य में 3 और 4 फरवरी को भी उपार्जन केन्द्रों में धान की खरीदी सामान्य दिनों की तरह करने को कहा है। 

4 फरवरी तक बेच सकेंगे धान 

उल्लेखनीय है कि, विपणन वर्ष में धान खरीदी के लिए निर्धारित अवधि में प्रत्येक शनिवार को उपार्जन केन्द्रों में लेखा मिलान और रविवार को सामान्य अवकाश के कारण खरीदी बंद रहती है। ऐसा पहली बार होगा कि 3 और 4 फरवरी रविवार को भी किसान उपार्जन केन्द्रों में अपना धान बेच सकेंगे। राज्य के किसान प्रतिनिधियों एवं किसान संगठनों ने मुख्यमंत्री के इस फैसले का स्वागत किया है और कहा है कि, किसानों के हित में सीएम साय का यह संवेदनशील निर्णय है। 

अब तक 38.78 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी 

आपको बता दें कि, चालू खरीफ विपणन वर्ष 2023-24 में राज्य में 30 जनवरी तक 138.78 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी हो चुकी है। धान खरीदी के एवज में उन्हें 28 हजार 708 करोड़ रूपए का भुगतान भी किया जा चुका है।

Tags:    

Similar News