IPL 2024: मुंबई इंडियंस के लिए अच्छी खबर, इस मैच विनर खिलाड़ी ने शुरू की प्रैक्टिस; छठे खिताब पर नजर

Hardik Pandya, IPL 2024: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2024 से पहले मुंबई इंडियंस ने गुजरात टाइटंस से हार्दिक पंड्या को 15 करोड़ रुपये में ट्रेड किया था।

By :  Desk
Updated On 2024-02-07 13:49:00 IST
IPL 2024 शुरू होने में अब कुछ हफ्ते बचे हैं।

Hardik Pandya, IPL 2024: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2024 से पहले मुंबई इंडियंस ने गुजरात टाइटंस से हार्दिक पंड्या को 15 करोड़ रुपये में ट्रेड किया था। इसके बाद फ्रेंचाइजी ने हार्दिक को टीम की कमान भी सौंप दी थी। हालांकि, मुंबई इंडियंस के फैंस को फ्रेंचाइजी का यह फैसला जरा भी पसंद नहीं आया था। उन्होंने हार्दिक को कप्तान बनाए जाने के बाद सोशल मीडिया पर नाराजगी जाहिर की थी। अब मुंबई के कप्तान हार्दिक ने IPL के 17वें सीजन की तैयारी शुरू कर दी है। हाल ही में उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें वह गेंदबाजी करते नजर आ रहे हैं। 

हार्दिक ने शेयर किया वीडियो
हार्दिक ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया है। इस वीडियो में वह रनिंग और गेंदबाजी करते देखे जा सकते हैं। बता दें कि हार्दिक वनडे विश्व कप 2023 के दौरान चोटिल हो गए थे। बांग्लादेश के खिलाफ मैच में गेंदबाजी के दौरान उनका पैर मुड़ गया था और उनके टखने में चोट लग गई थी। इसके बाद वह विश्व कप से बाहर हो गए थे। मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि हार्दिक IPL 2024 से बाहर हो सकते हैं। हालांकि, उन्होंने लीग के लिए कमर कस ली है। हार्दिक पहले भी मुंबई इंडियंस का हिस्सा रहे हैं। IPL 2022 से पहले हुए मेगा ऑक्शन में गुजरात टाइटंस ने हार्दिक को अपने साथ जोड़कर टीम की कप्तानी थमाई थी। हार्दिक की कप्तानी में गुजरात का प्रदर्शन शानदार रहा था। 

हार्दिक की कप्तानी में गुजरात का प्रदर्शन
IPL 2022 में हार्दिक की कप्तानी वाली गुजरात टाइटंस ने खिताब पर कब्जा जमाया था। फाइनल मुकाबले में गुजरात ने राजस्थान रॉयल्स को 7 विकेट से परास्त किया था। इसके अलावा लीग के पिछले सीजन में गुजरात फाइनल में पहुंची थी, जहां उन्हें महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी वाली चेन्नई सुपर किंग्स के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। बारिश के कारण इस मैच का निर्णय रिजर्व डे में आया था। चेन्नई ने DLS मैथड से फाइनल मैच को 5  विकेट से जीता था। 

IPL में हार्दिक का प्रदर्शन
IPL में ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या के प्रदर्शन की बात करें तो उन्होंने अब तक खेले 123 मैच की 115 पारियों में 30.38 की औसत और 145.86 की स्ट्राइक रेट से 2309 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 10 अर्धशतक भी लगाए हैं। लीग में उनका सर्वाधिक स्कोर 91 रन है। साथ ही हार्दिक ने 81 पारियों में 53 विकेट भी चटकाए हैं। इस दौरान उनकी इकॉनमी 8.80 की रही है। 

Similar News