ind vs pak U19: पाकिस्तान की बड़ी चूक, वैभव सूर्यवंशी को दो-दो जीवनदान, फिर भी बड़ी पारी से चूके
ind vs pak U19: पाकिस्तान ने एक ही ओवर में कैच और रनआउट छोड़कर वैभव सूर्यवंशी को दो जीवनदान दिए। हालांकि, वो इसका फायदा नहीं उठा सके और 22 गेंद में 30 रन की पारी खेलकर आउट हो गए।
वैभव सूर्यवंशी को पाकिस्तान के खिलाफ दो जीवनदान मिले पर वो इसका फायदा नहीं उठा पाए।
ind vs pak U19: आईसीसी मेंस अंडर-19 विश्व कप 2026 के सुपर सिक्स मुकाबले में भारत और पाकिस्तान के बीच खेले जा रहे हाई-वोल्टेज मैच में मैदान पर एक बड़ा ड्रामा देखने को मिला। पाकिस्तान के खिलाड़ियों की एक ही ओवर में दो बड़ी गलतियों ने 14 साल के भारतीय ओपनर वैभव सूर्यवंशी को दो जीवनदान दे दिए लेकिन वह इसका पूरा फायदा नहीं उठा सके।
बुलावायो के क्वींस स्पोर्ट्स क्लब में खेले जा रहे मुकाबले में भारत की पारी की शुरुआत वैभव सूर्यवंशी और एरॉन जॉर्ज ने की। बिहार के रहने वाले बाएं हाथ के बल्लेबाज वैभव ने शुरुआत से ही आक्रामक तेवर दिखाए। वह अच्छी लय में दिख रहे थे लेकिन बड़ी पारी खेलने से पहले ही पवेलियन लौट गए। उन्होंने 22 गेंदों पर 30 रन की पारी खेली, जिसमें 5 चौके और 1 छक्का शामिल रहा।
पारी के आठवें ओवर में पाकिस्तान ने एक ही गेंद पर दो बड़े मौके गंवा दिए। ओवर की तीसरी गेंद पर वैभव ने छक्का मारने की कोशिश की लेकिन गेंद बल्ले पर ठीक से नहीं आई और सीधा हवा में गई। फील्डर हुज़ैफा अहसन ने आसान सा कैच छोड़ दिया। यहीं कहानी खत्म नहीं हुई। कैच छोड़ने के बाद हुज़ैफा ने गेंद विकेटकीपर की ओर फेंकी, जहां रनआउट का सुनहरा मौका था। वैभव क्रीज से काफी बाहर थे लेकिन स्टंप्स के पास पहुंचे खिलाड़ी गेंद को सही से पकड़ नहीं पाए और रनआउट का मौका भी हाथ से निकल गया।
हालांकि, इस बड़ी चूक के ठीक एक गेंद बाद मोहम्मद सैयाम ने वैभव सूर्यवंशी को एलबीडब्ल्यू आउट कर भारत को पहला झटका दे दिया। वैभव के आउट होने के दो गेंद बाद ही भारतीय कप्तान आयुष म्हात्रे भी बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। मुंबई के इस बल्लेबाज, जो आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स का हिस्सा हैं, पहली ही गेंद पर आउट हो गए।
इसके बाद नौवें ओवर की पहली गेंद पर एरन जॉर्ज भी आउट हो गए। उन्हें अब्दुल सुभान ने क्लीन बोल्ड किया। जॉर्ज ने 25 गेंदों पर 16 रन बनाए। इस अहम मुकाबले में पाकिस्तान के कप्तान फरहान यूसुफ ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। टॉस के दौरान भारतीय कप्तान आयुष म्हात्रे और पाक कप्तान फरहान यूसुफ के बीच हाथ मिलाने से परहेज भी चर्चा का विषय बना।
हाल के महीनों में भारत और पाकिस्तान के मुकाबलों में यह दृश्य लगातार देखने को मिला है। पाकिस्तानी खिलाड़ियों की यह दोहरी गलती सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है और फैंस इसे मैच का टर्निंग पॉइंट मान रहे हैं।