Asia cup 2025: वेलालागे को मारे 5 छक्के, फिर पिता की मौत सुनकर सन्न रह गए मोहम्मद नबी, वीडियो वायरल

Asia cup 2025: एशिया कप मैच के बाद श्रीलंका के युवा गेंदबाज डुनिथ वेलालागे को पिता के निधन की खबर मिली। आखिरी ओवर में मोहम्मद नबी ने उनके खिलाफ 5 छक्के मारे थे। मैच के बाद जैसे ही उन्हें ये खबर मिली कि वेलालागे के पिता की मौत हो गई तो वो सन्न रह गए।

Updated On 2025-09-19 14:29:00 IST

dunith wellalage father demise

Asia cup 2025: श्रीलंका ने अबू धाबी में खेले गए एशिया कप मैच में अफगानिस्तान को मात दी। इस जीत के साथ ही श्रीलंका ने सुपर-4 में जगह बना ली। हालांकि, इस मुकाबले के दौरान ऐसी घटना हुई, जिसने सबको गमगीन कर दिया। अफगानिस्तान के अनुभवी ऑलराउंडर मोहम्मद नबी यह सुनकर सन्न रह गए कि युवा श्रीलंकाई गेंदबाज डुनिथ वेलालागे के पिता का निधन हो गया।

दरअसल, शुक्रवार को खेले गए मैच में नबी ने आखिरी ओवर में वेलालागे के खिलाफ पांच छक्के जड़े थे। उस समय मैदान पर यह नजारा रोमांचक था लेकिन मैच खत्म होते ही माहौल बदल गया। श्रीलंका के कोच सनथ जयसूर्या और टीम मैनेजर ने वेलालागे को उनके पिता सुरंगा वेलालागे के निधन की सूचना दी। मैदान पर मौजूद पत्रकारों ने इस घटना को कैमरे में कैद किया, जहां पूरी टीम युवा खिलाड़ी को सांत्वना देती नजर आई।

वेलालागे के पिता के निधन पर नबी सन्न रह गए

इस बीच, पत्रकारों ने मोहम्मद नबी को भी यह खबर दी। जैसे ही वे टीम बस में बैठने जा रहे थे। एक रिपोर्टर ने उन्हें जानकारी दी। नबी कुछ क्षणों तक चुप रह गए और उनके चेहरे पर दर्द साफ नजर आया। वो अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए धीरे-धीरे टीम स्टाफ के साथ होटल की ओर लौट गए।

श्रीलंका ने इस मुकाबले को 6 विकेट से जीतकर सुपर-4 में जगह बना ली। अफगानिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 169/8 का स्कोर खड़ा किया। आखिरी ओवर में वेलालागे के लिए दिन बेहद कठिन साबित हुआ। उनके इस ओवर में नबी ने पहली तीन गेंदों पर छक्के मारे। अगली गेंद नो बॉल रही और इसके बाद अगली दो गेंदों को भी नबी ने हवाई सैर कराई। हालांकि छठा छक्का लगने से पहले ही उन्होंने वाइड यॉर्कर डालकर बचाव किया। नबी ने उस गेंद पर 2 रन लेने की कोशिश की, लेकिन रन आउट हो गए।

यह ओवर निश्चित रूप से वेलालागे के करियर की सबसे कठिन घड़ी रही। हालांकि टीम ने उनका साथ दिया और अंततः श्रीलंका ने लक्ष्य का पीछा करते हुए जीत दर्ज की। लेकिन मैच के तुरंत बाद आई पिता के निधन की खबर ने इस युवा खिलाड़ी के लिए यह दिन और भी दर्दनाक बना दिया।

Tags:    

Similar News