DC vs GG Eliminator: ली-शेफाली की आंधी और रोड्रिग्स का फिनिश, दिल्ली कैपिटल्स लगातार चौथे WPL फाइनल में

DC vs GG Eliminator: दिल्ली कैपिटल्स ने गुजरात जायंट्स को हराकर लगातार चौथे WPL फाइनल में एंट्री की। अब 5 फरवरी को फाइनल में दिल्ली की टक्कर RCB से होगी।

Updated On 2026-02-04 10:59:00 IST

DC vs GG Eliminator WPL 2026 Final

DC vs GG Eliminator: WPL एलिमिनेटर में दिल्ली कैपिटल्स ने गुजरात जायंट्स को हराकर लगातार चौथी बार फाइनल में जगह बना ली। लिज़ेल ली और शेफाली वर्मा की विस्फोटक शुरुआत के बाद जेमिमा रोड्रिग्स की आक्रामक पारी और गेंदबाजों के सधे हुए प्रदर्शन ने इस मुकाबले को एकतरफा बना दिया। अब दिल्ली कैपिटल्स की 5 फरवरी को फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से टक्कर होगी।

169 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली ने शुरुआत से ही मैच पर पकड़ बना ली थी। ली और शेफाली ने पहले विकेट के लिए 89 रन जोड़े और पावरप्ले में ही गुजरात के गेंदबाजों को दबाव में ला दिया था। दोनों ने मिलकर आधे से ज्यादा लक्ष्य 8 ओवर के भीतर ही खत्म कर दिया।

शुरुआत में गुजरात की पारी लड़खड़ाई

पहले बल्लेबाजी करते हुए गुजरात जायंट्स की शुरुआत बेहद खराब रही थी। टीम ने इस सीजन बल्लेबाजी करते हुए पहले जीत का अच्छा रिकॉर्ड बनाया था लेकिन इस बार कहानी अलग रही। दूसरे ओवर में ही सोफी डिवाइन आउट हो गईं थीं। चिनेल हेनरी की बाहर जाती गेंद पर बड़ा शॉट खेलने के चक्कर में वह लिज़ेल ली को कैच दे बैठीं, जिन्होंने दाईं ओर शानदार एक हाथ से कैच पकड़ा।

छठे ओवर में नंदिनी शर्मा ने लगातार दो गेंदों पर अनुष्का शर्मा और एश्ले गार्डनर को आउट कर गुजरात को बैकफुट पर धकेल दिया। इसके साथ ही नंदिनी इस सीजन WPL में किसी भारतीय गेंदबाज के सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली खिलाड़ी बन गईं। उनके नाम अब 16 विकेट हैं। इसके बाद मिन्नू मणि ने भी विकेट निकालकर स्कोर 59/4 कर दिया।

मूनी ने संभाली पारी

गुजरात के लिए बेथ मूनी ने एक छोर संभाले रखा। 33 गेंद तक बिना बाउंड्री के खेलने के बाद उन्होंने श्री चरणी पर चौका जड़कर रनगति बढ़ाई। जॉर्जिया वेयरहैम ने उनका अच्छा साथ निभाया और छक्का लगाकर पारी को रफ्तार दी। दोनों ने 50 रन की साझेदारी कर टीम को 100 के पार पहुंचाया। हालांकि, 17वें ओवर में हेनरी ने वापसी करते हुए वेयरहैम को आउटकर दिया और भारती फुलमाली बिना खाता खोले बोल्ड हो गईं। अंत में मूनी ने कश्वी गौतम के साथ मिलकर आखिरी 3 ओवर में 6 चौके लगाए और टीम को 168 तक पहुंचाया। मूनी 51 गेंदों पर 62 रन बनाकर नाबाद रहीं।

रोड्रिग्स ने दिखाया दम

दिल्ली की शुरुआत इस सीजन में अलग-अलग रही थी, लेकिन एलिमिनेटर में ली और शेफाली ने एक साथ कहर बरपाया। शुरुआत में ली के खिलाफ लिया गया रिव्यू भी गुजरात को भारी पड़ा। शेफाली ने सोफी डिवाइन के एक ओवर में वाइड और चौकों के जरिए मैच का रुख पूरी तरह पलट दिया। पांच ओवर में दिल्ली 64 रन पर पहुंच चुकी थी जबकि गुजरात की टीम 10 ओवर में 64/4 थी।

वेयरहैम ने दोनों ओपनर्स को आउट कर थोड़ी उम्मीद जगाई लेकिन जेमिमा रोड्रिग्स और लॉरा वोल्वार्ल्ट ने कोई चूक नहीं की। रोड्रिग्स ने 23 गेंदों पर 41 रन की तेज पारी खेली। जब वह आउट हुईं, तब दिल्ली को जीत के लिए सिर्फ 9 रन चाहिए थे। मारिज़ान कैप ने 16वें ओवर में चौका लगाकर मैच खत्म किया और दिल्ली को एक और फाइनल में पहुंचा दिया।

Tags:    

Similar News

भारत से नहीं खेलने का नुकसान: आईसीसी ने दी केस की धमकी, पीसीबी को लगेगा ट्रिपल झटका