Chandra Grahan 2025: इस साल का अंतिम चंद्रग्रहण आज, जानें सूतक काल का समय और सावधानियां

जानिए साल 2025 के अंतिम चंद्रग्रहण का सूतक काल, इसकी टाइमिंग और चंद्रग्रहण के दौरान बरतने वाली जरूरी सावधानियां। पढ़ें ग्रहण के शुभ उपाय और मंत्र जप विधि।

Updated On 2025-09-07 07:30:00 IST

Chandra Grahan: साल 2025 का आखिरी चंद्रग्रहण भाद्रपद मास के शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा तिथि, यानी आज 7 सितंबर की रात को लगेगा। यह ग्रहण भारत में भी स्पष्ट रूप से देखा जाएगा, इसलिए इसका सूतक काल भी पूरे देश में मान्य होगा। चंद्रग्रहण आज रात 9 बजकर 57 मिनट से शुरू होकर 8 सितंबर की सुबह 1 बजकर 27 मिनट तक रहेगा। इस दौरान सूतक काल भी महत्वपूर्ण माना जाता है, जो ग्रहण के 9 घंटे पहले शुरू हो जाता है और ग्रहण के समाप्त होने पर समाप्त होता है।

सूतक काल की टाइमिंग

सूतक काल की शुरुआत: 7 सितंबर दोपहर 12:57 बजे से

चंद्रग्रहण आरंभ: रात्रि 9:57 बजे से

चंद्रग्रहण समाप्ति: रात्रि 1:27 बजे (8 सितंबर)

सूतक काल का समापन: चंद्रग्रहण के खत्म होते ही

ग्रहण काल में बरतने योग्य सावधानियां

चंद्रग्रहण के दौरान नकारात्मक ऊर्जा का प्रभाव बढ़ जाता है, इसलिए इस दौरान विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। सूतक काल शुरू होते ही पूजा स्थल पर रखी देवी-देवताओं की मूर्तियों को स्पर्श न करें और उन्हें लाल या पीले रंग के कपड़े से ढक दें। ग्रहण के दौरान भोजन बनाना या खाना भी अशुभ माना जाता है। इस समय किसी भी तरह के शारीरिक संबंधों से बचना चाहिए, क्योंकि यह स्वास्थ्य और जीवन पर नकारात्मक असर डाल सकता है। ग्रहण के दौरान नाखून काटना, बाल कटवाना या नुकीली वस्तुओं जैसे कैंची, चाकू, सुई-धागे का इस्तेमाल करना भी वर्जित है। इसके अलावा ग्रहण काल में नकारात्मक विचारों से दूर रहना चाहिए और शांति बनाए रखना चाहिए।

ग्रहण काल में क्या करें

ग्रहण के दौरान मंत्रों का जाप अत्यंत शुभ माना जाता है। इस समय भगवान शिव, विष्णु या अपने इष्ट देवों के मंत्रों का जप करें। इसके अलावा दान करने से ग्रहों का प्रभाव सुधरता है और जीवन में सकारात्मक ऊर्जा आती है। दान में चावल, दही, दूध, घी जैसे शुद्ध वस्त्रों का दान करना फलदायी होता है। ग्रहण समाप्ति के बाद स्नान अवश्य करें और घर में गंगाजल का छिड़काव करें ताकि नकारात्मक प्रभाव कम हो।

डिस्क्लेमर: यह जानकारी सामान्य धार्मिक मान्यताओं पर आधारित है। HariBhoomi.com इसकी पुष्टि नहीं करता है।

अनिल कुमार

Tags:    

Similar News