IMD Weather Alert: 30 दिसंबर से 5 जनवरी तक बिगड़ा रहेगा मौसम, 16 राज्यों में बारिश, बर्फबारी और कड़ाके की ठंड का अलर्ट

16 राज्यों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। शीतलहर और तापमान में गिरावट से नए साल पर कड़ाके की ठंड पड़ेगी, जिससे यातायात प्रभावित हो सकता है।

Updated On 2025-12-30 09:15:00 IST

31 दिसंबर की शाम और 1 जनवरी को दिल्ली-NCR में हल्की बारिश होने की संभावना है।

नई दिल्ली : भारत मौसम विज्ञान विभाग ने देश के मौसम को लेकर एक बड़ा अपडेट जारी किया है, जिसके आज यानी अनुसार 30 दिसंबर से लेकर 5 जनवरी तक उत्तर और मध्य भारत के बड़े हिस्से में मौसम का मिजाज काफी सख्त रहने वाला है।

एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से पहाड़ों पर बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश का दौर शुरू होने जा रहा है, जिससे नए साल के स्वागत के दौरान कड़ाके की ठंड और शीतलहर का सामना करना पड़ेगा।

पश्चिमी विक्षोभ और पहाड़ों पर भारी बर्फबारी

30 दिसंबर से सक्रिय हो रहे नए पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों में मौसम तेजी से करवट ले रहा है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचे इलाकों में भारी बर्फबारी की संभावना जताई गई है।

पहाड़ों पर होने वाली इस बर्फबारी का सीधा असर मैदानी इलाकों पर पड़ेगा, जिससे बर्फीली हवाएं चलेंगी और तापमान में बड़ी गिरावट आएगी।

मैदानी इलाकों में बारिश और बूंदाबांदी का अनुमान

मौसम विभाग के ताजा अपडेट के अनुसार, 31 दिसंबर की शाम और 1 जनवरी को दिल्ली-NCR, पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी राजस्थान के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

इस बारिश के बाद वातावरण में नमी बढ़ेगी, जिससे ठंड का असर दोगुना हो जाएगा। नए साल की शुरुआत के साथ ही इन राज्यों में न्यूनतम तापमान 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है।

16 राज्यों में घने कोहरे का 'ऑरेंज' और 'येलो' अलर्ट

उत्तर भारत सहित देश के लगभग 16 राज्यों में घने कोहरे का कहर जारी रहेगा। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के लिए 'घने से बहुत घने कोहरे' की चेतावनी जारी की गई है। सुबह के समय दृश्यता 50 मीटर या उससे भी कम रहने का अनुमान है।

इसके साथ ही बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान और पूर्वोत्तर के राज्यों में भी मध्यम से घना कोहरा छाया रहेगा।

शीतलहर और 'कोल्ड डे' की स्थिति

आगामी 5 जनवरी तक कई राज्यों में शीतलहर चलने की प्रबल संभावना है। विशेष रूप से पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, झारखंड और छत्तीसगढ़ में शीतलहर का प्रकोप रहेगा।

वहीं उत्तर प्रदेश और बिहार के कई जिलों में 'कोल्ड डे' की स्थिति बनी हुई है, जहा दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से काफी नीचे रहने के कारण लोगों को दिन में भी कड़ाके की ठंड का अहसास होगा।

प्रमुख शहरों के तापमान का हाल

तापमान के ताजा आंकड़ों पर नजर डालें तो दिल्ली में न्यूनतम तापमान 7°C से 9°C के बीच रहने का अनुमान है। लखनऊ और पटना जैसे शहरों में अधिकतम तापमान 17°C से 19°C के बीच बना रहेगा, जो भीषण ठंड का संकेत है।

वहीं राजस्थान के चुरू और सीकर जैसे इलाकों में न्यूनतम तापमान 4°C से नीचे जा सकता है।

यातायात और जनजीवन पर प्रभाव

कोहरे और खराब मौसम का सीधा असर रेल, हवाई और सड़क यातायात पर पड़ रहा है। विजिबिलिटी कम होने के कारण कई लंबी दूरी की ट्रेनें अपने निर्धारित समय से देरी से चल रही हैं और उड़ानों में भी देरी की संभावना है।

IMD ने सड़क पर चलने वाले वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने और ठंड से बचाव के लिए जरूरी उपाय करने की सलाह दी है।


Tags:    

Similar News