लोकसभा में टीएमसी का हमला: कल्याण बनर्जी बोले- बीजेपी ‘बंगाली हेटर’, SIR वोट डिलीट करने का टूल

टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी ने लोकसभा में भाजपा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी “बंगाली हेटर” है। उन्होंने दावा किया कि इसी सोच के कारण विद्यासागर की प्रतिमा तोड़ी गई थी। उन्होंने प्रधानमंत्री के बयानों पर तंज कसते हुए कहा कि मोदी बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय को “बंकिम दा” कह रहे हैं, जबकि बंकिम दा का जन्म उनसे तीन पीढ़ी पहले हुआ था। बनर्जी ने पूछा कि क्या कभी मोदी ने सरदार पटेल को भी “दादा” कहा?

बनर्जी ने आरोप लगाया कि मतुआ समुदाय के लोग भूख हड़ताल पर बैठे थे, जबकि इसी समुदाय से एक केंद्रीय मंत्री भी हैं। उन्होंने बिहार में भाजपा नेताओं के बयानों का हवाला देते हुए कहा कि मोदी ने कहा था कि घुसपैठियों को निकालने के लिए एसआईआर लागू किया गया, लेकिन एक भी घुसपैठिया नहीं मिला। उन्होंने कहा कि अगर विदेशी देश में आ रहे हैं तो यह रोकना गृह मंत्री और प्रधानमंत्री की जिम्मेदारी है।

मिजोरम का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि वहां बाहरी लोगों की एंट्री को लेकर अलग नीति अपनाई गई। उन्होंने आरोप लगाया कि “रोहिंग्या” का मुद्दा उठाकर बंगालियों को निशाना बनाया जा रहा है।

कल्याण बनर्जी ने आरोप लगाया कि एसआईआर अब वोट डिलीट करने का हथियार बन गया है। चुनाव आयोग लाखों वोटर हटाए जाने की बात कर रहा है और भाजपा इसे लेकर जश्न मना रही है।

उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति की नागरिकता तय करने का अधिकार चुनाव आयोग के पास नहीं है।

Update: 2025-12-09 09:37 GMT

Linked news