India-US Trade Deal का असर: महज 20 मिनट में निवेशकों की दौलत ₹20 लाख करोड़ बढ़ी, जानिए ऐतिहासिक उछाल के 3 बड़े कारण

India-US ट्रेड डील के ऐलान के बाद शेयर बाजार में ऐतिहासिक उछाल देखने को मिला। सिर्फ 20 मिनट में निवेशकों की दौलत ₹20 लाख करोड़ बढ़ी। जानिए बाजार की इस बड़ी तेजी के 3 अहम कारण।

Updated On 2026-02-03 11:54:00 IST

India-US ट्रेड डील के ऐलान के बाद शेयर बाजार में ऐतिहासिक उछाल देखने को मिला।

India-US Trade Deal: अमेरिकी के साथ ट्रेड डील फाइनल होने के बाद मंगलवार, 3 फरवरी 2026 को भारतीय शेयर बाजार में जबरदस्त उछाल देखने को मिला। बाजार खुलते ही जोरदार खरीदारी देखने को मिली और महज 20 मिनट में बीएसई में लिस्टेड कंपनियों की कुल मार्केट वैल्यू करीब ₹20 लाख करोड़ बढ़ गई।

बीएसई का मार्केट कैप अचानक उछला

सोमवार को बाजार बंद होने के समय बीएसई में सूचीबद्ध कंपनियों का कुल मार्केट कैप करीब ₹455 लाख करोड़ था। मंगलवार सुबह शुरुआती कारोबार में यह आंकड़ा बढ़कर लगभग ₹474 लाख करोड़ तक पहुंच गया। हालांकि बाद में उतार-चढ़ाव देखने को मिला, लेकिन शुरुआती तेजी ने बाजार में जबरदस्त भरोसे का संकेत दिया।

इस उछाल के 3 बड़े कारण

कारण 1: इंडिया-US ट्रेड डील ने बदला माहौल

इस ऐतिहासिक तेजी की सबसे बड़ी वजह भारत-अमेरिका ट्रेड एग्रीमेंट रहा। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ऐलान किया कि भारत से अमेरिका जाने वाले सामान पर टैरिफ 50% से घटाकर 18% कर दिया गया है।

यह जानकारी ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बातचीत के बाद सार्वजनिक की।

इस फैसले से भारतीय उत्पाद अमेरिकी बाजार में और ज्यादा प्रतिस्पर्धी हो गए हैं। खास बात यह है कि कई एशियाई देशों पर अब भी ज्यादा टैरिफ लागू है, जिससे भारत को सीधा फायदा मिलता दिख रहा है।

कारण 2: रुपये की मजबूती और बॉन्ड यील्ड में गिरावट

ट्रेड डील के असर से भारतीय रुपया भी मजबूत हुआ। शुरुआती कारोबार में रुपया एक फीसदी से ज्यादा चढ़कर 90.40 प्रति डॉलर के स्तर तक पहुंच गया। वहीं, 10 साल के सरकारी बॉन्ड की यील्ड घटकर 6.72% रह गई। रुपये की मजबूती और बॉन्ड यील्ड में गिरावट ने निवेशकों का भरोसा और बढ़ा दिया।

कारण 3: टेक्सटाइल शेयरों में अपर सर्किट

इस डील का सबसे बड़ा फायदा टेक्सटाइल सेक्टर को मिलता दिखा। सभी प्रमुख टेक्सटाइल शेयरों में 20% का अपर सर्किट लग गया। निवेशकों को उम्मीद है कि अमेरिका को कपड़ा और गारमेंट एक्सपोर्ट तेजी से बढ़ेगा। इसके अलावा झींगा निर्यात से जुड़ी कंपनियों, ऑटो और अन्य सेक्टरों में भी जबरदस्त खरीदारी देखी गई।

रिकॉर्ड लेवल पर खुला निफ्टी 50

शेयर बाजार की इस तेजी का असर इंडेक्स पर भी साफ दिखा। निफ्टी 50 अपने इतिहास की सबसे बड़ी 1,200 अंकों की गैप-अप ओपनिंग के साथ खुला। मिडकैप इंडेक्स 60,000 के पार पहुंच गया, जबकि निफ्टी बैंक 61,400 के ऊपर खुला।

Tags:    

Similar News

नए साल में कार बाजार की तेज शुरुआत: मारुति ने जनवरी में 174529 कारें बेचीं, टाटा-महिंद्रा और हुंडई कहां?