Honda Bike: होंडा की 5 नई मोटरसाइकिलों में E-Clutch शामिल, बगैर क्लच दबाए बदलेगा गियर
भारत में होंडा अभी सिर्फ CB650R और CBR650R के E-Clutch वर्जन बेच रही है। उम्मीद है कि कंपनी जल्द ही अन्य मॉडलों के E-Clutch वर्जन भी भारतीय बाजार में लॉन्च करेगी।
भारत में होंडा अभी सिर्फ CB650R और CBR650R के E-Clutch वर्जन बेच रही है
Honda Bike: Honda ने अपनी एडवांस E-Clutch तकनीक का दायरा बढ़ाते हुए अब इसे पांच नई मोटरसाइकिल CBR500R, CB500 Hornet, NX500, Hornet 750 और XL750 Transalp में में शामिल कर लिया है। पहले यह फीचर केवल CB650R और CBR650R में उपलब्ध था और हाल ही में इसे Rebel 300 पर भी जोड़ा गया है। कंपनी का लक्ष्य है कि आने वाले समय में यह तकनीक उसकी लगभग सभी मोटरसाइकिल में देखने को मिले।
क्या है Honda E-Clutch तकनीक?
Honda का E-Clutch सिस्टम गियर बदलने की प्रक्रिया को बेहद आसान बना देता है। इसमें क्लच लीवर दबाने की जरूरत नहीं होती, क्योंकि इलेक्ट्रॉनिक एक्टुएटर्स क्लच को अपने आप ऑपरेट करते हैं। राइडर बिना क्लच दबाए अपशिफ्ट और डाउनशिफ्ट दोनों कर सकता है।
जरूरत पड़ने पर राइडर मैनुअल क्लच कंट्रोल भी वापस ले सकता है। यानी यह सिस्टम पूरी तरह से ऑटोमैटिक और मैनुअल दोनों तरह से काम करता है। खास बात यह है कि बाइक को गियर में रहते हुए भी रोका जा सकता है, जिससे ट्रैफिक में चलाना आसान हो जाता है।
किन बाइक्स में मिलेगा यह फीचर?
अब यह तकनीक Honda की 500cc और 750cc इंजन वाली बाइक्स में भी दी जा रही है।
- 500cc लाइनअप में: CBR500R, CB500 Hornet और NX500 — ये बाइक्स केबल थ्रॉटल सिस्टम के साथ आती हैं, जिससे E-Clutch को इंटीग्रेट करना आसान रहा।
- 750cc लाइनअप में: Hornet 750 और XL750 Transalp — इन बाइक्स में राइड-बाय-वायर सिस्टम है, जो E-Clutch के साथ मिलकर और भी स्मूथ गियरशिफ्ट प्रदान करता है।
गियर बदलना स्मूथ होगा, नहीं लगेंगे झटके
Honda के अनुसार, 750cc मॉडलों में E-Clutch और राइड-बाय-वायर सिस्टम के संयोजन से डाउनशिफ्ट के दौरान थ्रॉटल अपने आप ब्लिप होता है, जिससे इंजन स्पीड और रियर व्हील स्पीड में तालमेल बना रहता है। इससे गियर बदलना न सिर्फ स्मूथ होता है बल्कि झटके भी कम महसूस होते हैं। ऑफ-रोडिंग के दौरान XL750 Transalp जैसी बाइक्स पर यह फीचर रफ सर्फेस पर भी स्मूथ अपशिफ्ट में मदद करता है, खासकर जब रियर व्हील स्पिन कर रहा हो।
भारत में कब मिलेगा E-Clutch?
फिलहाल भारत में Honda केवल CB650R और CBR650R के E-Clutch वर्जन बेच रही है। लेकिन अब जब NX500, XL750 Transalp और CB750 Hornet को अंतरराष्ट्रीय बाजारों में यह तकनीक मिल चुकी है, तो उम्मीद है कि कंपनी जल्द ही इन मॉडलों के E-Clutch वर्जन भारत में भी लॉन्च करेगी।
(मंजू कुमारी)