Logo
election banner
Doordarshan Saffron Logo: प्रसार भारती ( Prasar Bharati) ने अपने हिंदी समाचार चैनल, डीडी न्यूज ( DD News) का लोगो बदल दिया है। इसे लाल रंग से बदलकर भगवा रंग का कर दिया गया है। इसे लेकर विवाद शुरू हो गया है। जाने पूरा मामला।

DD News logo change controversy: प्रसार भारती ( Prasar Bharati) ने अपने हिंदी समाचार चैनल, डीडी न्यूज ( DD News) का लोगो बदल दिया है। इसे लाल रंग से बदलकर भगवा रंग (Doordarshan Saffron Logo) का कर दिया गया है। प्रसार भारती के इस फैसले काे लेकर सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है, क्योंकि यह रंग भारतीय जनता पार्टी (BJP) के साथ जुड़ा है। सोशल मीडिया यूजर्स सरकारी प्रसारण एजेंसी के भगवाकरण की कोशिश का आरोप लगा रहे हैं। 

प्रसार भारती ने दी सफाई
प्रसार भारती ने 16 अप्रैल को एक सोशल मीडिया पोस्ट्स में अपने लोगो में बदलाव का ऐलान किया था। Prasar Bharati के CEO गौरव द्विवेदी ने विवाद को खारिज किया। "यह रंग नारंगी है। छह से सात महीने पहले, हमने G20 के लिए DD इंडिया (अंग्रेजी समाचार चैनल)  को भी इसी रंग के लोगो में बदला गया था। इस प्रकार, एक ही ग्रुप के दो समाचार चैनल का लोगो अब एक ही विजुअल डिजाइन के मुताबिक कर दिया गया है। हमारे मूल्य वही हैं, लेकिन अवतार नया है।

सोशल मीडिया यूजर्स नाराज
गौरव द्विवेदी ने कहा, "लोगो के रंग दशकों में कई बार बदले गए हैं और विभिन्न रंग के संयोजन की कोशिश की गई है। चैनल को अलग करने के लिए और विज़ुअल एस्थेटिक्स को फ्रेश लुक देने के लिए यह बदलाव किया गया है। वहीं सोशल मीडिया पर इसको लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। यूजर्स सरकार और प्रसार भारती की आलोचना कर रहे हैं। वहीं, कुछ लोग ऐसे भी है जो इसे नए लोगो की तारीफ भी कर रहे हैं।

प्रसार भारती के पूर्व CEO ने उठाए सवाल
Prasar Bharati के पूर्व CEO जवाहर सरकार ने इसे "भगवाकरण" करार दिया। जवाहर सरकार ने कहा कि प्रसार भारती को अब "प्रचार भारती" में बदल दिया गया। "यह स्पष्ट रूप संस्थानों का भगवाकरण है। नए संसद भवन में जब आप राज्यसभा में प्रवेश करते हैं, तो वहां भी रंगों में बदलाव देखा जा सकता है। पहले राज्यसभा के कर्मचारी  मैरून या लाल रंग का बंदगला पहनते थे।

राज्यसभा कर्मचारियों की पोशाक का रंग बदला
जवाहर सरकार ने आरोप लगाया कि  अब लोकसभा और राज्यसभा के आधे से ज्यादा कर्मचारी भगवा बंदगले पहनते हैं। पहले वह स्टील ग्रे या नीले रंग का बंदगला पहना करते थे। G20 लोगो में भी भगवा रंग देखा गया था। G20 के लोगो के बैकग्राउंड में भगवा रंग का कमल लगाया गया था। जवाहर सरकार ने कहा कि यह एक ऐसी कोशिश है जिसमें एक पार्टी और सरकार की पहचान को मिला दिया गया है। यह एक तानाशाही शासन की झलक पेश करता है जहां पर पार्टी को सरकार से अलग नहीं देखा जा सकता।

कब शुरू हुआ था डीडी न्यूज?
डीडी न्यूज सरकारी समाचार टेलीविजन चैनल है। 3 नवंबर 2003 को डीडी मेट्रो को 24 घंटे के समाचार चैनल में बदलकर DD Newsको लॉन्च किया गया था। यह दूरदर्शन का प्रमुख चैनल है और भारत का एकमात्र स्थलीय सह उपग्रह समाचार चैनल है। डीडी न्यूज हिंदी, अंग्रेजी, उर्दू और संस्कृत भाषाओं में समाचार  प्रसारित करता है। 17 घंटे से अधिक के लाइव प्रसारण में इन भाषाओं में हर दिन 30 से अधिक समाचार बुलेटिनों का प्रसारण किया जाता है, साथ ही क्षेत्रीय न्यूज यूनिट्स डीडी न्यूज पर प्रसारित होने वाले रीजनल शोज तैयार करती है। चैनल  खेल, व्यापार, समसामयिक मामलों, स्वास्थ्य, युवा मुद्दों, सिनेमा, कला और संस्कृति जैसे मुद्दों को कवर करता है।

5379487