MS Dhoni steps down as CSK captain:  महेंद्र सिंह धोनी ने आईपीएल 2024 (IPL 2024) के ओपनिंग मैच से एक दिन पहले चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) की कप्तानी छोड़ दी। इस सीजन में उनके स्थान पर ओपनर ऋतुराज गायकवाड़ (Ruturaj Gaikwad) टीम की कमान संभालेंगे। 42 साल के धोनी (Dhoni ) ने आईपीएल (IPL) की शुरुआत से, यानी 2008 से चेन्नई सुपर किंग्स की कप्तानी की है। बस, बीच में दो साल जब 2013 के स्पॉट फिक्सिंग मामले में फ्रेंचाइजी को सस्पेंड किया गया था, तब धोनी कप्तान नहीं थे। उन्होंने आईपीएल 2022 के शुरू होने से पहले रवींद्र जडेजा को टीम की कप्तानी सौंप दी थी। हालांकि, जडेजा ने बीच सीजन में ही कप्तानी छोड़ दी थी। 8 मैच के बाद धोनी ने दोबारा चेन्नई सुपर किंग्स की कप्तानी संभाल ली थी। 

सीएसके ने एक प्रेस रिलीज जारी करके ये जानकारी दी कि महेंद्र सिंह धोनी ने ऋतुराज गायकवाड़ को टीम की कप्तानी सौंप दी है। ऋतुराज 2019 से चेन्नई सुपर किंग्स टीम का अहम हिस्सा हैं। अब तक उन्होंने 52 मैच खेले हैं और 39 की औसत और 136 की स्ट्राइक रेट से 1797 रन बनाए हैं। वो भारतीय क्रिकेट टीम की भी कप्तानी कर चुके हैं। पिछले साल चीन में हुए एशियन गेम्स में भी ऋतुराज गायकवाड़ ने भारतीय क्रिकेट टीम की कप्तानी की थी और गोल्ड मेडल दिलाया था। 

महेंद्र सिंह धोनी ने 212 मैच में चेन्नई सुपर किंग्स की कप्तानी की है। इसमें से टीम ने 128 जीते और 82 गंवाए हैं। पिछले साल धोनी की कप्तानी में ही चेन्नई सुपर किंग्स ने फाइनल में गुजरात टाइटंस को हराकर पांचवीं बार आईपीएल का खिताब जीता था। यह सभी टी20 टूर्नामेंट में सीएसके का सातवां खिताब था, जो मुंबई और टाइटंस (दक्षिण अफ्रीका) के बराबर था, और केवल सियालकोट स्टैलियन्स (8) से पीछे था।

धोनी ने 15 अगस्त, 2020 को इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास से ऐलान किया था। उन्होंने भारत को 2007 टी20 विश्व कप, 2011 विश्व कप और 2013 चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब दिलाया था।