'मैंने रुकवाई जंग': डोनाल्ड ट्रम्प ने भारत-PAK सीजफायर का फिर लिया क्रेडिट; बोले-'PM मोदी महान शख्स'

डोनाल्ड ट्रम्प ने भारत-PAK सीजफायर का फिर लिया क्रेडिट; बोले-PM मोदी महान शख्स
X
India-Pakistan ceasefire: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने फिर दावा ठोक दिया। ट्रम्प ने कहा-मैंने बिजनेस के जरिए भारत और पाकिस्तान के बीच विवाद सुलझाया। ट्रम्प ने PM मोदी को महान शख्स बताया।

India-Pakistan ceasefire: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने फिर दावा ठोक दिया। व्हाइट हाउस में बुधवार (21 मई) को दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा के साथ बैठक में ट्रम्प ने कहा-उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच हाल ही में हुए संघर्ष को सुलझाया है। ट्रम्प ने कहा-'मुझे लगता है कि मैंने बिजनेस के जरिए से विवाद सुलझाया है। US राष्ट्रपति ने आगे कहा-हम दोनों देशों से बड़ा व्यापार करने जा रहे हैं। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मेरे दोस्त हैं।

'मोदी एक महान शख्स हैं'
ट्रम्प ने आगे कहा कि भारत-पाकिस्तान के बीच हमले खतरनाक और बदतर होते जा रहे थे। किसी को तो इसे अंजाम पर पहुंचाना था। हमने उनसे बात की। मैंने दोनों देशों से कहा-आप लोग क्या कर रहे हैं? पाकिस्तान में कुछ बेहतरीन लोग और कुछ वाकई अच्छे नेता हैं। भारत के प्रधानमंत्री मोदी मेरे दोस्त हैं। ट्रम्प की बातें सुनने के बाद दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति ने कहा- कॉमन फ्रेंड, मोदी हमारे भी दोस्त हैं। फिर ट्रम्प ने कहा- वह (मोदी) एक महान शख्स हैं।

ऐसे समझिए पूरा मामला
जम्मू-कश्मीर में पहलगाम के बैसरन घाटी में 22 अप्रैल को आतंकी हमला हुआ। आतंकियों ने 26 पर्यटकों पर अंधाधुंध गोलियां बरसाकर हत्या कर दी थी। भारत ने हमले के 15 दिन बाद पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दिया। भारतीय सेना ने मंगलवार (6 मई) की रात 1.30 बजे ‘ऑपरेशन सिंदूर’ चलाया। एयर स्ट्राइक कर 9 आतंकी ठिकानों को तबाह किया। सेना ने 100 आतंकियों को मार गिराया था। दोनों देशों के 10 मई की शाम 5 बजे से सीजफायर पर सहमति बनी थी।

जानिए ट्रम्प ने कितने बार किए दावे
ट्रम्प ने सोशल मीडिया 'X' पर सबसे पहले इसकी जानकारी दी थी। इसके बाद से ट्रम्प बार-बार दावा करते रहे हैं कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव को सुलझाने में मदद की है। ट्रम्प भारत-पाक के बीच हुए सीजफायर पर कई बार दावे ठोक चुके हैं। ट्रम्प ने 10 मई को कहा था कि भारत और पाकिस्तान सीजफायर के लिए राजी हो गए हैं। मैं दोनों देशों को कॉमनसेंस, समझदारी से भरा फैसला लेने के लिए बधाई देता हूं।

15 को बोले-मैंने सिर्फ मदद की
11 मई को कहा कि कश्मीर मुद्दे पर हल निकालने की कोशिश करूंगा। 12 मई को कहा-मैंने परमाणु जंग रोक दी है। अमेरिका ने दोनों देशों के बीच सीजफायर कराने में मदद की है। 13 मई को ट्रम्प बोले-दोनों देशों के बीच सीजफायर में मध्यस्थता के लिए मैंने काफी हद तक बिजनेस का इस्तेमाल किया। 15 मई ट्रम्प ने कहा था कि मैंने दोनों देशों के बीच मध्यस्थता नहीं कराई, बल्कि सिर्फ मदद की है। 16 मई को बोले-दोनों देशों के बीच हालात बहुत गंभीर हो गए थे। मैंने दोनों देशों को जंग रोकने के बदले उनके साथ ट्रेड करने का प्रस्ताव रखा था। अब 21 मई को फिर ट्रम्प ने भारत और पाकिस्तान के बीच हुए समझौते का क्रेडिट लिया।

भारत ने ट्रम्प के दावों का किया खंडन
भारत सरकार पाकिस्तान के साथ सीजफायर को लेकर ट्रम्प के दावों का खंडन कर चुकी है। 13 मई को विदेश मंत्रालय ने साफ कहा था कि भारत को जम्मू और कश्मीर से संबंधित किसी भी मामले पर तीसरे पक्ष की दखलअंदाजी मंजूर नहीं है।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story