'PoK बिना जंग होगा भारत का हिस्सा': मोरक्को में राजनाथ सिंह ने क्यों कही यह बात? ऑपरेशन सिंदूर पर खुलासा

खुद भारत में शामिल होगा, बिना युद्ध के: मोरक्को में बोले रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह
Rajnath Singh Morocco Visit 2025: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) को लेकर बड़ा दावा किया है। कहा, पीओके एक दिन बिना किसी युद्ध और हमले के स्वतः ही भारत को मिल जाएगा। बताया कि वहां के लोग खुद को भारत का हिस्सा मानने लगे हैं। जल्द ही आवाज़ आएगी कि मैं भी भारत हूं।
राजनाथ सिंह ने सोमवार (23 सितंबर 2025) मोरक्को में भारतीय समुदाय से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने बताया कि यह कोई नई बात नहीं है। पांच साल पहले भी मैंने कश्मीर में सेना के कार्यक्रम में पीओके को लेकर यही बात कही थी।
कांग्रेस पर निशाना, ऑपरेशन सिंदूर पर जवाब
राजनाथ सिंह ने विपक्ष के उस आरोप पर भी अप्रत्यक्ष प्रतिक्रिया दी, जिसमें कहा गया था कि भारत ने 7 मई को PoK को कब्जाने का मौका गंवा दिया। कहा, हमने यह जवाबी हमला सीमा पर नहीं, बल्कि पाकिस्तान के भीतर 100 किलोमीटर अंदर तक किया था।
दरअसल, 7 मई को भारत ने 'ऑपरेशन सिंदूर' के तहत पाकिस्तान के आतंकी ठिकानों पर हमला किया था।
ऑपरेशन सिंदूर पर क्या कहा?
- भारत ने 22 अप्रैल को जम्मू कश्मीर के पहलगाम घाटी पर हुए आतंकी हमले के जवाब में ऑपरेशन सिंदूर किया था। 7 मई 2025 से शुरू किए गए इस ऑपरेशन का मकसद पाकिस्तान में पल रहे आतंकवादियों को ठिकाने लगाना था।
- भारतीय सेना ने पाकिस्तान के बहावलपुर, मुरीदके, मुजफ्फराबाद सहित 7 शहरों में 9 आतंकी ठिकानों पर एयरस्ट्राइक कर 100 से अधिक आतंकियों को मार गिराया था।
- राजनाथ सिंह ने बताया कि हमले के अगले दिन ही उन्होंने CDS और तीनों सेनाध्यक्षों के साथ बैठक की। सभी ने कहा कि सेना तैयार है, बस आदेश का इंतजार है। इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी ने सेना को पूरी छूट दी।
हमने धर्म नहीं, कर्म देखकर मारा
रक्षा मंत्री ने स्पष्ट किया कि भारत ने आतंकी कार्रवाई करते समय कभी किसी का धर्म नहीं देखा। उन्होंने कहा, आतंकवादी हमारे लोगों को धर्म पूछकर मारते हैं, लेकिन भारत ने उनके कर्मों के आधार पर जवाब दिया है। हमने उनका धर्म नहीं देखा।

मोरक्को में भारतीय रक्षा संयंत्र की शुरुआत
राजनाथ सिंह ने मोरक्को में अपने दौरे के दौरान टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स के नए व्हील्ड आर्मर्ड प्लेटफॉर्म (WhAP) 8x8 मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का उद्घाटन किया। यह अफ्रीका में किसी भारतीय रक्षा कंपनी का पहला प्लांट है।
भारत-मोरक्को रक्षा सहयोग
राजनाथ सिंह मोरक्को के रक्षा मंत्री अब्देलतिफ लाउदियी से मुलाकात करेंगे। इस दौरान एक महत्वपूर्ण रक्षा समझौता (MoU) पर हस्ताक्षर की संभावना है। इसमें रक्षा उद्योग में साझेदारी, संयुक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम और नौसेना सहयोग पर दोनों देशों के बीच सहमति बन सकती है। भारतीय नौसेना के जहाज पहले भी कासाब्लांका बंदरगाह पर जाते रहे हैं।
