भारत-मालदीव फ्री ट्रेड की तैयारी: PM मोदी ने 72 सैन्य वाहन सौंपे, 4,850 करोड़ की आर्थिक मदद; जानें और क्या हुआ?

भारत-मालदीव साझेदारी को मिली नई ऊंचाई: 4,850 करोड़ की आर्थिक मदद, PM मोदी ने सौंपे 72 सैन्य वाहन
X

भारत-मालदीव साझेदारी को मिली नई ऊंचाई: 4,850 करोड़ की आर्थिक मदद, PM मोदी ने सौंपे 72 सैन्य वाहन 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मालदीव यात्रा में भारत ने 4,850 करोड़ की आर्थिक सहायता, 72 सैन्य वाहन समेत कई रणनीतिक परियोजनाएं सौंपीं। मुक्त व्यापार वार्ता की भी शुरुआत हुई। पढ़ें पूरी रिपोर्ट।

India-Maldives Agreement: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मालदीव यात्रा ने भारत-मालदीव संबंधों को नया आयाम दिया है। माले में मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू की मौजूदगी में दोनों देशों के बीच कई रणनीतिक और आर्थिक समझौते हुए। भारत ने मालदीव को 4,850 करोड़ की लाइन ऑफ क्रेडिट (LoC) दी है। साथ ही 72 सैन्य वाहन व उपकरण सौंपे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार सुबह अपनी दो दिवसीय मालदीव यात्रा पर पहुंचे हैं। इस दौरान भारतीय समुदाय ने उनका भव्य स्वागत किया। इस दौरान दोनों देशों के बीच कई महत्वपूर्ण MOU साइन हुए। साथ ही दोनों देशों के बीच मुक्त व्यापार समझौते (Free Trade Agreement) के लिए वार्ता शुरू की गई है। इससे द्विपक्षीय सहयोग को मजबूती मिलेगी।

प्रधानमंत्री मोदी ने क्या कहा?

  • पीएम मोदी ने मालदीव की स्वतंत्रता के 60वें वर्ष पूरे होने पर राष्ट्रपति और मालदीव की जनता को बधाई दी। कहा, भारत और मालदीव अपने राजनयिक संबंधों की 60वीं वर्षगांठ भी मना रहे हैं, लेकिन हमारे संबंधों की जड़ें इतिहास से भी पुरानी और समुद्र जितनी गहरी हैं।
  • पीएम मोदी ने कहा, आज जारी किए गए स्मारक डाक टिकटों में दोनों देशों की पारंपरिक नौकाओं को प्रदर्शित किया गया है। यह दर्शाता है कि हम न केवल पड़ोसी हैं, बल्कि सह-यात्री भी हैं।
  • पीएम मोदी ने कहा, अपनी आर्थिक साझेदारी को गति देने के लिए हमने कई कदम उठाए हैं। साझा निवेश को गति देने के लिए हम जल्द ही द्विपक्षीय निवेश संधि को अंतिम रूप देंगे।
  • पीएम मोदी ने कहा, मुक्त व्यापार समझौते पर बातचीत भी शुरू हो गई है। अब हमारा लक्ष्य पेपर वर्क से समृद्धि की ओर है। स्थानीय मुद्रा निपटान प्रणाली से हम रुपये और रूफिया के बीच सीधा व्यापार कर सकेंगे।
  • पीएम मोदी ने कहा, मालदीव में जिस गति से यूपीआई गति पकड़ रहा है, उससे पर्यटन और खुदरा व्यापार को मजबूती मिलेगी।
  • पीएम मोदी ने कहा, हमारी विकास साझेदारी को नई उड़ान देते हुए, हमने मालदीव को 565 मिलियन डॉलर, लगभग 5000 करोड़ रुपये की ऋण सहायता देने का निर्णय लिया है।

प्रमुख समझौते और घोषणाएं

  • 72 भारी सैन्य वाहनों और उपकरणों का हस्तांतरण: भारत ने मालदीव के रक्षा मंत्रालय को सहायता स्वरूप ये वाहन सौंपे।
  • ₹4,850 करोड़ की ऋण सीमा (LoC) का विस्तार: भारत सरकार की वित्तीय सहायता से चल रही परियोजनाओं को गति मिलेगी।
  • भारत-मालदीव मुक्त व्यापार समझौते (IMFTA) की वार्ता प्रारंभ। इससे द्विपक्षीय व्यापार और निवेश को बढ़ावा मिलेगा।
  • 3,300 सामाजिक आवास इकाइयों का हस्तांतरण (हुलहुमाले): भारत की क्रेता ऋण सुविधा के तहत ये परियोजना पूर्ण हुई।
  • अद्दू शहर में सड़क और जल निकासी प्रणाली परियोजना का उद्घाटन: भारत की मदद से तैयार यह बुनियादी ढांचा स्थानीय लोगों को राहत देगा।
  • 6 सामुदायिक विकास परियोजनाओं का शुभारंभ: शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सेवाओं को मजबूती मिलेगी।
  • संयुक्त स्मारक डाक टिकट जारी: भारत-मालदीव कूटनीतिक संबंधों के 60 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में।

मालदीव के राष्ट्रपति ने क्या कहा?

मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू ने कहा, भारत और मालदीव के बीच मुक्त व्यापार समझौते के लिए वार्ता शुरू होना ऐतिहासिक पहल है। यह हमारी आर्थिक साझेदारी को नई दिशा देगा। उन्होंने रक्षा सहयोग को और मजबूत करने और भारतीय निवेश को स्वागतयोग्य बताया।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story