PM Modi Ghana visit: प्रधानमंत्री मोदी को घाना का सर्वोच्च नागरिक सम्मान, संसद में संबोधन; कहा –लोकतंत्र भारत का संस्कार

PM Modi speech in Ghana
PM Modi speech in Ghana: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार (3 जुलाई 2025) को अफ्रीकी देश घाना की संसद को संबोधित करते हुए भारत और घाना के ऐतिहासिक संबंधों को नई ऊंचाई दी। घाना की राजधानी अक्रा में मोदी को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान 'ऑर्डर ऑफ द स्टार ऑफ घाना' से नवाज़ा गया।
पीएम मोदी ने कहा, भारत लोकतंत्र की जननी है। हमारे लिए लोकतंत्र केवल शासन प्रणाली नहीं, बल्कि एक संस्कार है। घाना जैसे लोकतांत्रिक और उभरते देश में आना सौभाग्य की बात है।
संसद में मोदी का संबोधन: लोकतंत्र, विविधता और सहयोग की बात
- PM मोदी ने घाना की संसद में कहा, भारत लोकतंत्र की जननी है। लोकतंत्र हमारे लिए महज व्यवस्था नहीं, बल्कि यह हमारे मौलिक मूल्यों का हिस्सा है। भारत में 2500 से अधिक राजनीतिक पार्टियां हैं। 22 मान्यता प्राप्त भाषाएं हैं। 20 से अधिक पार्टियां विभिन्न राज्यों में सरकार चला रही हैं।
- PM मोदी ने कहा, भारत और घाना के लोग लोकतांत्रिक मूल्यों को साझा करते हैं और दोनों देश वैश्विक समस्याओं के लिए संवाद और कूटनीति को प्राथमिकता देते हैं।
- पीएम मोदी ने कहा, भारत और घाना के इतिहास में औपनिवेशिक शासन के निशान हैं, लेकिन हमारी आत्मा हमेशा स्वतंत्र और निडर रही है। हम अपनी समृद्ध विरासत से शक्ति और प्रेरणा प्राप्त करते हैं। हमारी दोस्ती आपके प्रसिद्ध शुगर लोफ पाइनएप्पल से भी अधिक मीठी है।
- PM मोदी ने कहा, दुनिया जलवायु परिवर्तन, महामारी, आतंकवाद और साइबर सुरक्षा जैसे नए और जटिल संकटों का सामना कर रही है। पिछली सदी में बनाए गए संस्थान जवाब देने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। बदलती परिस्थितियाँ वैश्विक शासन में विश्वसनीय और प्रभावी सुधारों की मांग करती हैं। वैश्विक दक्षिण को आवाज़ दिए बिना प्रगति नहीं हो सकती। हमें गर्व है कि हमारे राष्ट्रपतित्व में अफ्रीकी संघ जी-20 का स्थायी सदस्य बना।
चार बड़े समझौते (MoU) साइन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस दौरान भारत और घाना के बीच 4 अहम समझौतों (MoU) पर दस्तखत किए। इनका उद्देश्य दोनों देशों के आर्थिक, सांस्कृतिक और तकनीकी संबंधों को मजबूत करना है।
- विदेश मंत्रालय स्तर पर जॉइंट कमीशन बैठक की स्थापना
- पारंपरिक चिकित्सा में सहयोग, एक्सपर्ट ट्रेनिंग और अनुभव साझा करना
- सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए समझौता
- स्टैंडर्ड सेटिंग पर समझौता (गुणवत्ता और विनियमन संबंधी सहयोग)
सम्मान और स्वागत: घाना ने पीएम मोदी को दी 21 तोपों की सलामी
घाना के राष्ट्रपति जॉन महामा ने प्रधानमंत्री मोदी का जोरदार स्वागत किया। अक्रा एयरपोर्ट पर उन्हें 21 तोपों की सलामी और गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद जुबली हाउस में द्विपक्षीय वार्ता हुई और दोनों नेताओं ने संयुक्त प्रेस वक्तव्य जारी किया।
भारत-घाना सहयोग के नए क्षेत्र
प्रधानमंत्री मोदी ने घोषणा की कि भारत घाना को डिजिटल इंडिया, रक्षा, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्रों में विशेष सहयोग देगा। UPI आधारित डिजिटल भुगतान प्लेटफॉर्म के अनुभव साझा किए।
- घाना आर्मी के लिए प्रशिक्षण और रक्षा उपकरणों की सप्लाई
- ICCR और ITEC स्कॉलरशिप दोगुनी
- ‘फीड घाना’ मिशन में भारत की तकनीकी और फूड प्रोसेसिंग मदद
- जन औषधि केंद्रों के मॉडल के तहत सस्ती दवाइयां उपलब्ध कराना
- एक नया स्किल डेवलपमेंट सेंटर खोलना, जिससे घाना के युवा कुशल बनें
वैश्विक मुद्दों पर साझा दृष्टिकोण
PM मोदी और घाना के राष्ट्रपति ने संयुक्त राष्ट्र में सुधार की आवश्यकता पर सहमति जताई। प्रधानमंत्री ने दोहराया कि यह युद्ध का नहीं, संवाद और समाधान का समय है। दोनों नेताओं ने पश्चिम एशिया, यूरोप और अफ्रीका में जारी संघर्षों पर चिंता जाहिर की और शांति प्रयासों का समर्थन किया।
व्यापार और निवेश: नया लक्ष्य ₹50,000 करोड़ का
प्रधानमंत्री ने बताया कि वर्तमान में भारत और घाना के बीच व्यापार ₹25,000 करोड़ से अधिक है और आने वाले 5 वर्षों में इसे दोगुना करने का लक्ष्य रखा गया है।
