ऑपरेशन सिंदूर में 7 विमान गिराए: भारत-पाकिस्तान युद्धविराम पर डोनाल्ड ट्रंप का नया दावा, जानें क्या कहा?

भारत-पाकिस्तान युद्धविराम पर डोनाल्ड ट्रंप का नया दावा, जानें क्या कहा?
X

भारत-पाकिस्तान युद्धविराम पर डोनाल्ड ट्रंप का नया दावा, जानें क्या कहा?

भारत-पाकिस्तान युद्धविराम पर यूएस राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का नया बयान। कहा, सैन्य संघर्ष में गिरे 5 विमान। ट्रेड रोकने की धमकी देकर मैंने 24 घंटे में सीजफायर कराई। पढ़ें पूरी खबर

Donald Trump on India-Pakistan Ceasefire : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत-पाकिस्तान युद्धविराम कराने की बात फिर दोहराई। सोमवार, 25 अगस्त को वाशिंगटन डीसी में उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा, भारत और पाकिस्तान परमाणु युद्ध के करीब थे, लेकिन मैंने ट्रेड डील का हवाला देकर दोनों देशों के बीच सीज फायर कराया। डोनाल्ड ट्रंप ने इस दौरान 7 फाइटर जेट गिराए जाने का दावा किया है।

डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, दो परमाणु संपन्न देश आपस में टकरा रहे थे, लेकिन मैंने कहा, अगर आप लड़ते रहे, तो हम आपके साथ कोई व्यापार या कुछ नहीं करेंगे। 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया। जिसके बाद वह युद्ध समाप्त करने को राजी हुए। ट्रंप ने कहा, मैंने कई और मौकों पर भी व्यापार का इस्तेमाल कर युद्ध रुकवाए हैं।

एयर मार्शल AP सिंह ने बताई थी सच्चाई

डोनाल्ड ट्रंप ने यह स्पष्ट नहीं किया कि किस देश ने कितने विमान मार गिराए। उनकी यह टिप्पणी एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह के उस बयान के बाद आई है, जिसमें उन्होंने भारत द्वारा पाँच पाकिस्तानी लड़ाकू विमान मार गिराने की पुष्टि की है।

एस-400 वायु रक्षा प्रणालियों का कमाल

एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह ने 5 विमानों के अलावा एक बड़ा एयरबोर्न अर्ली वार्निंग एंड कंट्रोल (AEW&C) या प्रारंभिक चेतावनी विमान भी नष्ट किए जाने का दावा किया था। उन्होंने यह भी बताया था कि यह विमान एस-400 वायु रक्षा प्रणालियों ने गिराए हैं।

तो व्यापार रोक देगा अमेरिका

डोनाल्ड ट्रंप ने भारत-पाक युद्धविराम को व्यापार से जोड़ते हुए कहा, दोनों देशों को लड़ाई सुलझाने के लिए उन्होंने 24 घंटे की मोहलत दी थी। साथ ही चेताया था कि अगर युद्ध नहीं रुका तो अमेरिका व्यापार रोक देगा।

ट्रंप के दावों से भारत का इनकार

डोनाल्ड ट्रंप पहले भी कई बार 10 मई को हुए भारत-पाक युद्धविराम पर ऐसी टिप्पणी कर चुके हैं। हालांकि, भारत सरकार ट्रंप के इन दावों से इनकार करती रही है। वहीं, विपक्ष इसे सियासी मुद्दा बनाकर मोदी सरकार की नाकामी और विदेश नीति की असफलता बता रहा है।

युद्धविराम में तीसरे पक्ष का दखल नहीं

विदेश मंत्रालय ने ट्रंप के दावों को खारिज करते हुए कहा कि युद्धविराम पाकिस्तान के सैन्य अभियान महानिदेशक (DGMO) द्वारा अपने भारतीय समकक्ष को किए गए फोन के बाद हुआ है। यह समझौता द्विपक्षीय रूप से हुआ था। इसमें किसी तीसरे पक्ष का हस्तक्षेप नहीं था।

भारत-पाक संघर्ष क्यों हुआ?

भारत ने जम्मू कश्मीर के पलहगाम वैली में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले के बाद ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया था। इसके तहत पाकिस्तान और पाक अधिकृत कश्मीर (POK) में स्थित 9 आतंकी ठिकाने एयर स्ट्राइक कर ध्वस्त किए गए थे। पाकिस्तान इससे बौखला गया और सैन्य कार्रवाई करने लगा। पहलगाम हमले में 26 नागरिकों की हत्या की गई थी।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story