Strait of Hormuz: मध्य पूर्व में जारी तनाव के बीच एक बार फिर बयानबाजी तेज हो गई है। डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि वह होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले तेल टैंकरों से शुल्क वसूल रहा है, जो किसी भी समझौते का हिस्सा नहीं है।
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट करते हुए कहा कि ईरान इस मामले में “बहुत खराब काम” कर रहा है और यह पूरी तरह अनुचित है। उन्होंने साफ कहा “यह वह समझौता नहीं है, जो हमने किया था।”
दरअसल, हाल ही में ऐसी रिपोर्ट्स सामने आई हैं कि होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले जहाजों से ईरान कथित तौर पर टोल वसूल रहा है। यह जलमार्ग दुनिया के सबसे अहम तेल रूट्स में से एक माना जाता है, जहां से बड़ी मात्रा में कच्चा तेल वैश्विक बाजारों तक पहुंचता है।
व्हाइट हाउस का कहना है कि युद्धविराम समझौते के तहत इस जलमार्ग को खुला और सुरक्षित रखा जाना चाहिए। लेकिन अमेरिका का आरोप है कि ईरान की सैन्य मौजूदगी अभी भी इस क्षेत्र में बनी हुई है और वह इसे नियंत्रित कर राजस्व बढ़ाने की कोशिश कर रहा है।
इस बीच, ईरान की ओर से भी सख्त रुख देखने को मिल रहा है। कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि ईरान ने इस इलाके में बारूदी सुरंगें बिछा दी हैं, जिससे तेल आपूर्ति और वैश्विक व्यापार पर असर पड़ सकता है।
दोनों देशों के बीच यह तनातनी ऐसे समय पर बढ़ी है, जब हाल ही में युद्धविराम की घोषणा की गई थी। हालांकि, अब दोनों पक्ष एक-दूसरे पर दबाव बनाने में लगे हैं और हालात फिर से बिगड़ते नजर आ रहे हैं। ट्रंप ने चेतावनी दी है कि अगर ईरान ने समझौते का पालन नहीं किया, तो अमेरिका पहले से भी ज्यादा सख्त कदम उठा सकता है।