Gas Cylinder Blast In Pakistan: पाकिस्तान के सबसे बड़े बंदरगाह शहर कराची में गुरुवार, 19 फरवरी को बड़ा हादसा हुआ है। एक रिहायशी इमारत में गैस सिलेंडर फटने के बाद बिल्डिंग का एक हिस्सा ढह गया, जिसमें दबकर 16 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं।
रमजान के पहले दिन हुआ दर्दनाक हादसा
यह भीषण विस्फोट कराची के एक रिहायशी इलाके में उस समय हुआ जब लोग पवित्र महीने रमजान के पहले दिन सहरी (सुबह का भोजन) तैयार कर रहे थे।
स्थानीय पुलिस प्रमुख रिजवान पटेल के अनुसार, गैस सिलेंडर में हुए जोरदार धमाके के कारण बहुमंजिला इमारत का एक हिस्सा पूरी तरह ढह गया। मलबे में दबने से अब तक 16 लोगों की जान जा चुकी है। शुरुआत में मौतों का आंकड़ा 13 बताया गया था, लेकिन मलबे से तीन और शव निकलने के बाद संख्या बढ़ गई।
राहत और बचाव कार्य जारी
धमाके के तुरंत बाद स्थानीय प्रशासन और बचाव दल मौके पर पहुंच गए। राहतकर्मी अभी भी मलबे को हटाने और उसके नीचे फंसे संभावित जीवित लोगों की तलाश में जुटे हुए हैं। घायलों को पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कई की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस के अनुसार, धमाका इतना जोरदार था कि आसपास की इमारतों को भी हल्का नुकसान पहुंचा है।
राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने जताया शोक
पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि घायलों का बेहतर इलाज सुनिश्चित किया जाए। राष्ट्रपति ने सिंध प्रांतीय सरकार से बिल्डिंग कोड को सख्ती से लागू करने, गैस सिलेंडरों की सुरक्षा की जांच करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए गहन जांच करने का आग्रह किया है।
पाकिस्तान में बढ़ रहे हैं गैस सिलेंडर के हादसे
कराची समेत पाकिस्तान के अधिकांश शहरों में खाना पकाने के लिए प्राकृतिक गैस की सप्लाई की जाती है। हालांकि, गैस का प्रेशर कम होने के कारण कई परिवार तरल पेट्रोलियम गैस (एलपीजी) सिलेंडरों पर निर्भर रहते हैं। सुरक्षा मानकों की कमी के कारण यहां अक्सर ऐसे हादसे होते रहते हैं। इससे पहले जुलाई में इस्लामाबाद में एक शादी समारोह के दौरान हुए गैस धमाके में दूल्हा-दुल्हन समेत आठ लोगों की मौत हो गई थी।