Logo
election banner
नासा ने पहली बार लेजर ट्रांसमिशन के माध्यम से डीप स्पेस से वीडियो स्ट्रीम करने में कामयाबी हासिल की है। इसके साइकी मिशन ने करीब 19 मिलियन मील की दूरी से वीडियो पृथ्वी पर भेजकर इतिहास रच दिया है। यह पहला मौका है जब लेजर ट्रांसमिशन के माध्यम से डीप स्पेस से वीडियो स्ट्रीम किया गया है।

NASA space laser cat video: अमेरिकी स्पेस एजेंसी नासा ने स्पेस कम्युनिकेशन के क्षेत्र में एक नई कामयाबी हासिल की है।  इसके साइकी  मिशन ने  करीब 19 मिलियन मील की दूरी से वीडियो पृथ्वी पर भेजकर इतिहास रच दिया है। यह पहला मौका है जब लेजर ट्रांसमिशन के माध्यम से डीप स्पेस से वीडियो स्ट्रीम किया गया है।  वीडियो में टेटर्स नाम की एक नारंगी टैबी बिल्ली की हरकतों को दिखाया गया है।  जिसमें बिल्ली को एक सोफे पर लेजर पॉइंटर द्वारा बनाए गए लाल बिंदु का पीछा करते हुए देखा जा सकता है। 

डेटा, इमेजरी और वीडियो ट्रांसमिशन में क्रांति
यह साइकी स्पेसक्राफ्ट पर डीप स्पेस ऑप्टिकल कम्युनिकेशंस प्रयोग (डीएसओसी) द्वारा बनाया गया है। डीएसओसी का लक्ष्य स्पेस कम्युनिकेशन में बदलाव लाना है। इसकी मदद से अंतरिक्ष से तेजी से डेटा, इमेजरी और वीडियो ट्रांसमिशन करने जैसे कार्यों पर शोध किया जा रहा है। वीडियो, नियर इंफ्रारेड लाइट में एन्कोड किया गया है। इसे साइकी अंतरिक्ष यान से कैलिफोर्निया इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी के पालोमर ऑर्ब्जवेटरी के हेल टेलीस्कोप तक प्रसारित किया गया। 

पृथ्वी-चंद्रमा की दूरी से 80 गुना अधिक दूरी से लाइव प्रसारण
15 सेकंड के इस वीडियो के प्रत्येक फ्रेम को कैलिफोर्निया के पासाडेना में नासा की जेट प्रोपल्शन प्रयोगशाला में लाइव स्ट्रीम किया गया। साइकी मिशन स्पेसक्राफ्ट  और हेल टेलीस्कोपा के बीच पृथ्वी-चंद्रमा की दूरी से 80 गुना अधिक दूरी है। इसके बावजूद, लेजर ट्रांसमिशन को पृथ्वी तक पहुंचने में केवल 101 सेकंड लगे। यह अत्याधुनिक लेजर तकनीक नासा के पिछले मिशनों में उपयोग की जाने वाली पारंपरिक रेडियो तरंग प्रणालियों की तुलना में 10 से 100 गुना तेज डेटा ट्रांसमिशन स्पीड का दावा करती है।

स्पेस डेटा ट्रांसमिशन के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि
नासा के डेप्युटी एडमिनिस्ट्रेटर, पाम मेलरॉय ने इस उपलब्धि को अंतरिक्ष में खोज के लिए भविष्य की डेटा ट्रांसमिशन जरूरतों को पूरा करने की दिशा में एक अहम कदम बताया। इस तकनीक से डीएसओसी ने ग्रहों के बीच की लंबी दूरी पर भी ब्रॉडबैंड वीडियो के प्रसारण को सफलता से पूरा करके दिखाया है। साइकी मिशन के ट्रैजेक्ट्री और टेलीस्कोप डिटेल्स को दर्शाने वाले ग्राफिक ओवरले के साथ वीडियो में टेटर्स नाम बिल्ली का वीडियो ब्रॉडकास्ट किया जाना अमेरिकी स्पेस एजेंसी नासा के साथ ही दुनियाभर की स्पेस एजेंसियों के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। 

ब्रॉडकास्टिंग इतिहास की याद दिलाती है यह कामयाबी
अंतरिक्ष से टेटर्स नाम की इस बिल्ली का वीडियो भेजना ब्रॉडकास्टिंग के इतिहास की याद दिलाता है जब टेलीविजन प्रसारण के टेस्ट के दौरान फेलिक्स नाम की एक बिल्ली का इस्तेमाल किया गया था।  यह डीएसओसी की उस उपलब्धि की भी याद दिलाता है जब नासा के हब्बल ने वर्ष 1990 ने लाइट की पहली तस्वीर अंतरिक्ष से धरती पर भेजी थी। इसके प्वाइंटिंग और डेटा डाउनलिंकिंग की स्पीड पहले से ज्यादा बढ़ने की उम्मीद की जा रही है।
 

5379487