PM Modi-Emmanuel Macron Meeting: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने मुंबई में जॉइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस की, जहां दोनों नेताओं ने भारत-फ्रांस रणनीतिक साझेदारी को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाने की प्रतिबद्धता जताई।
पीएम मोदी ने कहा, "मुझे अपने मित्र राष्ट्रपति मैक्रों का मुंबई में स्वागत करते हुए बहुत खुशी हो रही है। हमने मिलकर भारत-फ्रांस संबंधों को नई मजबूती और नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है। आज H125 हेलीकॉप्टर की फाइनल असेंबली लाइन का उद्घाटन इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह दुनिया का एकमात्र ऐसा हेलीकॉप्टर है जो माउंट एवरेस्ट तक उड़ चुका है, और अब इसका निर्माण भारत में होगा।"
मोदी ने आगे कहा कि भारत-फ्रांस पार्टनरशिप सिर्फ रणनीतिक नहीं, बल्कि वैश्विक स्थिरता (स्टैबिलिटी) और प्रगतिशील सहयोग (ग्लोबल प्रोग्रेसिव पार्टनरशिप) का प्रतीक है। उन्होंने जोर दिया कि 2026 भारत और यूरोप के संबंधों में एक टर्निंग पॉइंट साबित हो रहा है। कुछ दिन पहले ही भारत और यूरोपीय यूनियन के बीच इतिहास का सबसे बड़ा ट्रेड डील हुआ है, जो फ्रांस के साथ हमारे रिश्तों को भी और मजबूत करेगा।
इससे पहले, राष्ट्रपति मैक्रों ने मुंबई पहुंचने पर बॉलीवुड की प्रमुख हस्तियों से मुलाकात की। उन्होंने अनिल कपूर, मनोज बाजपेयी, शबाना आजमी, ऋचा चड्ढा, ज़ोया अख्तर, नीतेज घायवान और ग्रैमी विजेता संगीतकार रिकी केज जैसे सेलिब्रिटीज से मिलकर भारतीय सिनेमा के 'लीजेंड्स' की तारीफ की। मैक्रों ने सोशल मीडिया पर फोटोज शेयर करते हुए लिखा, "भारतीय सिनेमा के लीजेंड्स के साथ... संस्कृति हमें एकजुट करती है।"
यह प्रेस कॉन्फ्रेंस लोक भवन में डेलीगेशन-लेवल वार्ता और H125 असेंबली लाइन के वर्चुअल उद्घाटन के बाद हुई, जो भारत-फ्रांस रक्षा, एयरोस्पेस, इनोवेशन और AI सहयोग को नई दिशा दे रही है।
इमैनुएल मैक्रों का भारत दौरा Live Udate
मैक्रों बोले- भारत भरोसेमंद साझेदार, उन्नत तकनीक साझा करने में पूरा विश्वास
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि भारत एक भरोसेमंद साझेदार है और इसी विश्वास के आधार पर फ्रांस अपनी उन्नत तकनीक भारत के साथ साझा कर रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह सहयोग रक्षा, एयरोस्पेस, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और क्लीन एनर्जी जैसे रणनीतिक क्षेत्रों तक फैला है।
मैक्रों ने कहा, “हम भारत पर भरोसा करते हैं। हमारी साझेदारी रणनीतिक स्वायत्तता पर आधारित है, जहां दोनों देश स्वतंत्र रूप से अपने फैसले लेते हैं और किसी बाहरी दबाव में नहीं आते।”
उन्होंने बताया कि फ्रांस की नीति हमेशा रणनीतिक स्वायत्तता पर केंद्रित रही है। भारत के साथ टेक्नोलॉजी ट्रांसफर, जॉइंट प्रोडक्शन और इनोवेशन इसी सिद्धांत के तहत आगे बढ़ रहे हैं। हाल ही में हेलीकॉप्टर असेंबली लाइन और अन्य रक्षा परियोजनाएं इस गहरे भरोसे और दीर्घकालिक सहयोग का उदाहरण हैं।
मैक्रों ने भारत-फ्रांस रिश्तों को दिया ‘स्पेशल स्ट्रेटेजिक पार्टनरशिप’ का दर्जा
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने भारत के अपने चौथे आधिकारिक दौरे पर मुंबई में मिले गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया। संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने भारत-फ्रांस संबंधों को “शानदार और अनोखा” बताते हुए इसे स्पेशल स्ट्रेटेजिक पार्टनरशिप के स्तर तक ले जाने की घोषणा की।
मैक्रों ने कहा कि दोनों देशों का रिश्ता भरोसे, खुलेपन और महत्वाकांक्षा पर आधारित है, और पिछले आठ वर्षों में हर साल नई पहलें की गई हैं। उन्होंने इंडो-पैसिफिक क्षेत्र, टेक्नोलॉजी में खुली प्रतिस्पर्धा और नियम-आधारित वैश्विक व्यवस्था में सहयोग पर जोर दिया।
उन्होंने इंडिया-मिडिल ईस्ट-यूरोप इकोनॉमिक कॉरिडोर (IMEC), आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सहयोग और इंटरनेशनल सोलर अलायंस जैसी संयुक्त पहलों का उल्लेख किया। प्रेस मीट में रक्षा, AI और क्लीन एनर्जी समेत 20 से अधिक समझौतों की जानकारी दी गई। यह कदम भारत-फ्रांस संबंधों को वैश्विक स्थिरता और नवाचार के नए अध्याय में ले जाने वाला बताया गया।
मोदी बोले- भारत में H125 निर्माण भरोसे का प्रतीक, दुनिया तक होगा एक्सपोर्ट
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत में हेलीकॉप्टर असेंबली लाइन का उद्घाटन नई दिल्ली और पेरिस के बीच गहरे भरोसे का चमकता उदाहरण है। संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने जोर देकर कहा कि फ्रांस के साथ जॉइंट मैन्युफैक्चरिंग दोनों देशों की रणनीतिक साझेदारी की गहराई दर्शाती है।
पीएम मोदी ने बताया कि भारत और फ्रांस मिलकर Airbus H125 हेलीकॉप्टर का उत्पादन करेंगे। यह दुनिया का एकमात्र सिंगल-इंजन हेलीकॉप्टर है जो माउंट एवरेस्ट जैसी ऊंचाइयों तक उड़ान भरने में सक्षम है। इसे भारत में बनाकर वैश्विक बाजार में निर्यात किया जाएगा, जिससे आत्मनिर्भर भारत और अंतरराष्ट्रीय सहयोग दोनों को मजबूती मिलेगी।
उन्होंने कहा, “भारत-फ्रांस पार्टनरशिप की कोई सीमा नहीं है, यह गहरे समुद्र से लेकर सबसे ऊंचे पहाड़ों तक फैली है।” कर्नाटक के वेमागल में टाटा-एयरबस सहयोग से स्थापित यह सुविधा रक्षा और एयरोस्पेस क्षेत्र में नई ऊंचाइयों का संकेत है।
PM मोदी: इंडिया-फ्रांस ईयर ऑफ इनोवेशन से बनेगी ‘लोगों की पार्टनरशिप’
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि इंडिया-फ्रांस ईयर ऑफ इनोवेशन 2026 से द्विपक्षीय रिश्ते “लोगों की पार्टनरशिप” में बदलेंगे। उन्होंने जोर दिया कि इनोवेशन सहयोग से फलता-फूलता है, इसलिए इस पहल का मुख्य उद्देश्य लोगों के बीच संबंध मजबूत करना है।
पीएम के अनुसार यह पहल डिफेंस, क्लीन एनर्जी, स्पेस और उभरती तकनीकों में साझेदारी को नई गति देगी। साथ ही इंडस्ट्री, स्टार्टअप्स और MSMEs के बीच कनेक्ट बढ़ेगा तथा छात्रों और शोधकर्ताओं के आदान-प्रदान को प्रोत्साहन मिलेगा। जॉइंट इनोवेशन सेंटर्स स्थापित कर रिसर्च और डेवलपमेंट को बढ़ावा दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि यह कदम होराइजन 2047 रोडमैप के तहत भारत-फ्रांस रणनीतिक साझेदारी को गहरा करेगा, जहां फोकस सिर्फ सरकारों पर नहीं बल्कि युवाओं, उद्यमियों और इनोवेटर्स के मजबूत जुड़ाव पर होगा।
PM मोदी ने जॉइंट प्रेस मीट में मैक्रों का मुंबई में स्वागत किया, मार्सिले दौरे को याद किया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों का मुंबई में जोरदार स्वागत किया। संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में पीएम मोदी ने उन्हें "प्यारा दोस्त" (dear friend) कहकर संबोधित किया और पिछले साल फ्रांस में आयोजित AI समिट के दौरान मार्सिले की अपनी यात्रा को याद किया।
पीएम मोदी ने मार्सिले के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि प्रथम विश्व युद्ध के दौरान भारतीय सैनिकों ने इसी शहर से यूरोप में कदम रखा था, जहां उनकी बहादुरी की गाथा आज भी याद की जाती है। साथ ही, उन्होंने स्वतंत्रता सेनानी वीर सावरकर का जिक्र किया, जिन्होंने ब्रिटिश हिरासत से भागने के लिए मार्सिले में समुद्र में छलांग लगाई थी, यह उनका भारत की आजादी के प्रति अटूट संकल्प का प्रतीक था। पीएम ने कहा कि पिछले साल उन्होंने मार्सिले में सावरकर को श्रद्धांजलि दी थी।
इस बार, जब राष्ट्रपति मैक्रों AI इम्पैक्ट समिट के लिए भारत आए हैं, तो उन्हें मुंबई (भारत का प्रवेश द्वार) में स्वागत करने का सौभाग्य मिला। पीएम मोदी ने मुंबई की तुलना फ्रांस के लिए मार्सिले की भूमिका से की, जो फ्रांस और पूरे यूरोप का प्रमुख द्वार है।
भारत की पहली प्राइवेट हेलीकॉप्टर FAL लॉन्च, मोदी-मैक्रों ने किया उद्घाटन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने मंगलवार को वर्चुअल तरीके से कर्नाटक के वेमागल में टाटा एयरबस की H125 लाइट यूटिलिटी हेलीकॉप्टर की फाइनल असेंबली लाइन (Final Assembly Line - FAL) का उद्घाटन किया।
यह भारत की पहली निजी क्षेत्र की हेलीकॉप्टर फाइनल असेंबली लाइन है, जो टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स लिमिटेड (TASL) और एयरबस हेलीकॉप्टर्स के संयुक्त उद्यम के तहत स्थापित की गई है। सुविधा वेमागल (कोलार जिले के पास, बेंगलुरु के निकट) में स्थित है और यहां एयरबस के सबसे ज्यादा बिकने वाले सिंगल-इंजन हेलीकॉप्टर H125 का उत्पादन होगा, जो भारतीय बाजार के साथ-साथ पड़ोसी देशों के लिए निर्यात भी सपोर्ट करेगा।
यह कदम भारत-फ्रांस रक्षा एवं एयरोस्पेस सहयोग में एक बड़ा मील का पत्थर साबित हुआ है। इससे मेक इन इंडिया और आत्मनिर्भर भारत पहल को मजबूती मिलेगी, स्वदेशी विनिर्माण क्षमता बढ़ेगी और एविएशन सेक्टर में नई नौकरियां व स्किल डेवलपमेंट के अवसर पैदा होंगे।
शुरुआती चरण में प्लांट की वार्षिक क्षमता 10 H125 हेलीकॉप्टरों की होगी। उद्घाटन मुंबई में चल रही द्विपक्षीय बैठक के दौरान वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए किया गया, जहां दोनों नेताओं ने इस सहयोग को भारत-फ्रांस रणनीतिक साझेदारी की नई ऊंचाइयों का प्रतीक बताया।
PM मोदी ने मैक्रों के साथ की डेलीगेशन-लेवल की बातचीत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुंबई के लोक भवन में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ डेलीगेशन-लेवल (प्रतिनिधिमंडल स्तर) की महत्वपूर्ण बातचीत की। यह बैठक भारत-फ्रांस रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के उद्देश्य से हुई, जिसमें दोनों नेताओं ने रक्षा, व्यापार, प्रौद्योगिकी, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), अंतरिक्ष, परमाणु ऊर्जा, जलवायु परिवर्तन और उभरती तकनीकों जैसे क्षेत्रों में सहयोग की समीक्षा की।
लोक भवन में हुई इस उच्च-स्तरीय वार्ता के दौरान दोनों पक्षों ने कई समझौता ज्ञापनों (MoUs) पर हस्ताक्षर करने की संभावना जताई गई है, जो भारत-फ्रांस संबंधों को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे।
बॉलीवुड सेलिब्रिटीज से मिले मैक्रों
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने अपनी मुंबई यात्रा के दौरान बॉलीवुड की दिग्गज हस्तियों से मुलाकात की, जिसमें बॉलीवुड हस्तियां शबाना आज़मी, अनिल कपूर, मनोज बाजपेयी, ज़ोया अख्तर, ऋचा चड्ढा और ग्रैमी विजेता संगीतकार रिकी केज शामिल हैं।
PM मोदी बोले- मैक्रों से मिलकर ख़ुशी हुई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को X पर पोस्ट करते हुए कहा कि मुंबई में अपने "प्रिय मित्र" फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से मिलकर उन्हें बहुत खुशी हुई।
मोदी ने लिखा कि मैक्रों ने मुंबई के लिए अपना गहरा लगाव जताया और दिन की शुरुआत में उन्होंने शहर में सुबह की दौड़ (मॉर्निंग रन) का भी भरपूर आनंद लिया। यह पोस्ट तब आई जब दोनों नेता मुंबई में द्विपक्षीय बैठक कर रहे थे, जहां भारत-फ्रांस रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने पर चर्चा हुई।
26/11 पीड़ितों को नमन, भारत-फ्रांस रिश्तों में एकजुटता की मजबूत झलक
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने मुंबई में ताज महल पैलेस होटल की यात्रा के दौरान 2008 के 26/11 मुंबई आतंकी हमलों के पीड़ितों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।उन्होंने अपनी पत्नी ब्रिजिट मैक्रों के साथ वहाँ स्मृति-चिह्न पर पुष्पांजलि दी और हमले में मारे गए लोगों की याद को सम्मानित किया।
X (पूर्व ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए मैक्रों ने लिखा कि उन्होंने 2008 के हमलों के पीड़ितों को श्रद्धांजलि दी है। उन्होंने पीड़ितों के परिवारों, प्रियजनों और पूरे भारत के प्रति एकजुटता व्यक्त की तथा कहा, "फ्रांस आपके साथ खड़ा है।"
उन्होंने आतंकवाद के सामने एकता और दृढ़ संकल्प पर जोर दिया।यह भावुक श्रद्धांजलि मैक्रों की भारत यात्रा के दौरान हुई, जो भारत-फ्रांस के मजबूत रिश्ते और आतंकवाद के खिलाफ साझा लड़ाई का प्रतीक है।
PM की मैक्रों के साथ द्विपक्षीय बैठक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुंबई के लोक भवन में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ द्विपक्षीय बैठक की।
