Logo
इजरायली सेना ने लेबनान के 59 इलाकों को खाली करने का आदेश दिया, जिससे 30,000 से अधिक लोगों ने घर छोड़ दिया है।

नई दिल्ली : मिडिल ईस्ट में जारी महायुद्ध अब और भी भयावह रूप अख्तियार कर चुका है। ईरान के साथ जारी जंग के बीच इजरायली सेना ने लेबनान की सीमा में प्रवेश कर एक नया मोर्चा खोल दिया है।

इजरायली सेना ने लेबनान के 59 इलाकों को तुरंत खाली करने का आदेश दिया है, जिसके बाद अब तक 30 हजार से ज्यादा लोग अपना घर छोड़ चुके हैं। लगातार दूसरे दिन हिजबुल्लाह के ठिकानों को निशाना बनाकर की गई बमबारी में 50 से अधिक लोगों की मौत हो गई है, जबकि 150 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हैं।

59 इलाकों को खाली करने का अल्टीमेटम

​इजरायली सेना ने लेबनान में घुसने के साथ ही सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए 59 इलाकों को तुरंत खाली करने का सख्त आदेश दिया है। सेना ने स्थानीय नागरिकों को हिजबुल्लाह के ठिकानों से दूर रहने की चेतावनी दी है, जिसके बाद लेबनान के इन क्षेत्रों में सन्नाटा पसरा हुआ है और लोग अपनी संपत्ति छोड़कर भाग रहे हैं।

​30 हजार से ज्यादा लोगों का सामूहिक पलायन

​संयुक्त राष्ट्र की एजेंसी UNHCR की रिपोर्ट के मुताबिक, इजरायली सेना की इस कार्रवाई और चेतावनी के बाद अब तक 30 हजार से ज्यादा लोग अपने घरों को छोड़ चुके हैं। शरणार्थियों की बढ़ती संख्या ने मानवीय संकट की आशंका बढ़ा दी है, क्योंकि लोग सुरक्षित ठिकानों की तलाश में दर-दर भटक रहे हैं।

​हिजबुल्लाह पर मिसाइल और ड्रोन से हमला

​इजरायल ने लगातार दूसरे दिन ईरान समर्थित उग्रवादी संगठन हिजबुल्लाह को निशाना बनाते हुए भीषण बमबारी की है। हिजबुल्लाह ने हाल ही में इजरायल के हाईफा शहर के पास एक सैन्य ठिकाने पर ड्रोन और मिसाइलें दागी थीं, जिसके जवाब में इजरायल ने यह बड़ी कार्रवाई शुरू की है।

​भीषण संघर्ष में 50 से अधिक मौतें

​सोमवार को हुए हमलों और सीमा पर जारी मुठभेड़ में अब तक 50 से अधिक लोगों की जान जाने की खबर है, जबकि 150 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। इजरायली आर्मी का कहना है कि उनका लक्ष्य केवल हिजबुल्लाह के बुनियादी ढांचे को नष्ट करना है ताकि अपनी सीमा को सुरक्षित किया जा सके।

5379487