कैलिफोर्निया में 6 दिन से लापता UC Berkeley के भारतीय छात्र साकेत श्रीनिवासैया का शव बरामद। भारतीय वाणिज्य दूतावास ने दी जानकारी, परिवार को हर संभव सहायता का आश्वासन।

Indian Student Missing California: अमेरिका के कैलिफोर्निया में लापता हुए भारतीय छात्र साकेत श्रीनिवासैया का शव बरामद कर लिया गया है। 22 वर्षीय साकेत 9 फरवरी से गायब थे। सैन फ्रांसिस्को में भारतीय वाणिज्य दूतावास ने रविवार, 15 फरवरी को इसकी आधिकारिक जानकारी दी।

दूतावास ने छात्र के परिवार और प्रियजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। भारतीय दूतावास ने कहा कि इस कठिन समय में वे परिवार के साथ सीधे संपर्क में हैं और शव को जल्द से जल्द भारत भेजने (repatriation) के लिए सभी आवश्यक औपचारिकताएं और समन्वय पूरा करने में मदद कर रहे हैं।

बर्कले हिल्स से लापता हुए थे साकेत
22 वर्षीय साकेत श्रीनिवासैया को आखिरी बार 9 फरवरी को बर्कले हिल्स के पास 'लेक अंजा' (Lake Anza) इलाके में देखा गया था। उनकी गुमशुदगी के बाद एक स्थानीय मीडिया रिपोर्ट में बताया गया था कि उनका बैग, जिसमें उनका पासपोर्ट और लैपटॉप था, पड़ोस के एक घर के दरवाजे पर मिला था। उनके अचानक लापता होने के बाद उनके रूममेट बनीत सिंह ने सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों से मदद की अपील की थी और पुलिस के साथ मिलकर उनकी तलाश की जा रही थी।

कर्नाटक के रहने वाले थे साकेत
मूल रूप से कर्नाटक के रहने वाले साकेत शिक्षा के क्षेत्र में काफी मेधावी थे। उनके लिंक्डइन प्रोफाइल के अनुसार, उन्होंने साल 2025 में आईआईटी मद्रास (IIT Madras) से केमिकल इंजीनियरिंग में बीटेक की डिग्री प्राप्त की थी। इसके बाद वे उच्च शिक्षा के लिए अमेरिका चले गए, जहां वे यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिफोर्निया, बर्कले से केमिकल एंड बायोमॉलिक्यूलर इंजीनियरिंग में मास्टर की पढ़ाई कर रहे थे।

सरकार ने भी की थी हस्तक्षेप की अपील
साकेत के लापता होने के बाद कर्नाटक की मुख्य सचिव शालिनी रजनीश ने भी विदेश मंत्रालय (MEA) को पत्र लिखकर राजनयिक सहायता की मांग की थी। भारतीय वाणिज्य दूतावास भी स्थानीय पुलिस अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क बनाए हुए था।

कर्नाटक सरकार और दूतावास दोनों ही छात्र का पता लगाने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे थे। छात्र की मौत की खबर ने न केवल उनके परिवार, बल्कि अमेरिका में रह रहे भारतीय छात्र समुदाय को भी झकझोर कर रख दिया है।