साल 2026 का आगाज: किरिबाती में पहला स्वागत, न्यूजीलैंड में भव्य आतिशबाजी; भारत से पहले 29 देशों में जश्न

साल 2026 की शुरुआत किरिबाती से हुई। न्यूजीलैंड में शानदार आतिशबाजी के साथ जश्न, भारत से पहले 29 देशों में नया साल मनाया गया।
Welcome 2026: प्रशांत महासागर में बसे छोटे द्वीप देश किरिबाती ने सबसे पहले 2026 का स्वागत किया। यहां नए साल के जश्न में लोग उत्साह से डूब गए, जबकि भारत में उस समय दोपहर के लगभग 3:30 बज रहे थे यानी किरिबाती हमसे करीब साढ़े आठ घंटे आगे है।
किरिबाती 33 एटॉल (गोलाकार मूंगा चट्टानों) से मिलकर बना है, जो प्रशांत महासागर के 35 लाख वर्ग किलोमीटर से अधिक क्षेत्र में फैला हुआ है। इसका उच्चारण 'किरिबास' होता है। 1994 में इस देश ने अंतर्राष्ट्रीय तिथि रेखा को समायोजित कर टाइम जोन बदला, ताकि सभी द्वीपों में एक ही तारीख रहे। पहले कुछ द्वीप रेखा के पूर्व में थे।
न्यूजीलैंड में एक घंटे बाद जश्न
इसके ठीक एक घंटे बाद प्रशांत महासागर के अन्य द्वीप देशों जैसे समोआ, टोंगा और न्यूजीलैंड के आश्रित क्षेत्र टोकेलाऊ (ऑकलैंड से करीब 3,500 किमी उत्तर) ने भी उत्सव के साथ 2026 का आगमन मनाया।
न्यूजीलैंड ने भव्य आतिशबाजी से नए साल का स्वागत किया। ऑकलैंड में स्काई टावर पर रंग-बिरंगी आतिशबाजी का नजारा देखते ही बनता था।
यह न्यूजीलैंड की सबसे ऊंची इमारत है, जो 240 मीटर ऊंची है। पांच मिनट के इस शो में टावर की विभिन्न मंजिलों से 3,500 से अधिक पटाखे चलाए गए।
New Zealand welcomes the 2026 New Year with fireworks https://t.co/mwc48euGkg
— Reuters (@Reuters) December 31, 2025
#WATCH | New Zealand's Auckland welcomes the #NewYear2026 with fireworks.
— ANI (@ANI) December 31, 2025
(Source: TVNZ via Reuters) pic.twitter.com/vybFTrAjeR
welcome new year 2026
समोआ और न्यूज़ीलैंड ने आधिकारिक तौर पर 2026 में प्रवेश कर लिया है। समोआ अपनी समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं के लिए प्रसिद्ध है, जबकि न्यूज़ीलैंड पैसिफिक क्षेत्र की सबसे विकसित अर्थव्यवस्थाओं में से एक है।
टाइम जोन और पृथ्वी की गति का असर
पृथ्वी पश्चिम से पूर्व की ओर घूमती है, इसी वजह से नए साल का जश्न भी पूर्व से पश्चिम की ओर बढ़ता है। अलग-अलग टाइम जोन के कारण एक ही पल दुनिया के अलग हिस्सों में अलग समय पर आता है। यही कारण है कि जब भारत में लोग अभी पुराने साल की विदाई की तैयारी कर रहे होते हैं, तब कई देश नए साल का जश्न शुरू कर चुके होते हैं।
भारत से पहले नया साल मनाने वाले देश
दुनिया के ये देश भारत से कितने घंटे पहले नए साल में प्रवेश करते हैं-
- किरिबाती: भारत से साढ़े आठ घंटे पहले
- न्यूजीलैंड: करीब साढ़े सात घंटे पहले
- ऑस्ट्रेलिया: साढ़े पांच से साढ़े नौ घंटे पहले (क्षेत्र के अनुसार)
- जापान: साढ़े तीन घंटे पहले
- थाईलैंड: डेढ़ घंटे पहले
- बांग्लादेश: आधे घंटे पहले
- नेपाल: सिर्फ 15 मिनट पहले
भारत के टाइम जोन UTC+5:30 से आगे होने के कारण करीब 29 देश हमसे पहले नया साल मनाते हैं। इनमें समोआ, टोंगा, फिजी, ऑस्ट्रेलिया, जापान, दक्षिण कोरिया, इंडोनेशिया, म्यांमार, बांग्लादेश, भूटान और नेपाल जैसे देश शामिल हैं।
अमेरिका और पश्चिमी देशों में देर से होता है न्यू ईयर
जहां एशिया और प्रशांत क्षेत्र में जश्न पहले शुरू हो जाता है, वहीं अमेरिका और अन्य पश्चिमी देशों में भारत से कई घंटे बाद नए साल का स्वागत किया जाता है। इस तरह नया साल लगभग 26 घंटे तक पूरी दुनिया में घूमता रहता है।
एक ही पल, अलग-अलग समय
नए साल का यह वैश्विक उत्सव हमें यह एहसास कराता है कि समय भले ही अलग-अलग हो, लेकिन खुशियां साझा होती हैं। कहीं आतिशबाजी से आसमान रोशन होता है, तो कहीं संगीत और जश्न के बीच लोग नए साल की शुरुआत करते हैं और यही नए साल की सबसे खूबसूरत बात है।
