पाकिस्तान | नमाज के दौरान धमाका: इस्लामाबाद में शिया इमामबाड़े पर बड़ा हमला, 31 की मौत; 169 घायल

इस्लामाबाद में शिया इमामबाड़े में धमाका, नमाज के दौरान हुआ विस्फोट।
इस्लामाबाद: पाकिस्तान की संघीय राजधानी इस्लामाबाद के शहजाद टाउन इलाके में शुक्रवार को एक शिया इमामबाड़े में हुए भीषण विस्फोट में कम से कम 31 लोगों की मौत हो गई, जबकि 169 लोग घायल बताए जा रहे हैं। यह धमाका उस वक्त हुआ जब बड़ी संख्या में लोग शुक्रवार की नमाज अदा कर रहे थे।
स्थानीय मीडिया और Dawn के अनुसार, विस्फोट तारलाई इमामबारगाह में हुआ। इमामबाड़ा शिया समुदाय के लिए शोक और इबादत का अहम स्थल होता है, जहां कर्बला की त्रासदी की याद में लोग एकत्र होते हैं।
अंतरराष्ट्रीय समाचार एजेंसी Reuters ने एक स्थानीय पुलिस अधिकारी के हवाले से बताया कि धमाके के पीछे आतंकी हमला या कोई अन्य कारण है, इस बारे अब तक स्पष्ट नहीं हो पाया है।
घायलों को अस्पताल पहुंचाया गयाधमाके के तुरंत बाद पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे। कई घायलों को राजधानी के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि प्राथमिकता घायलों की जान बचाने की है और राहत कार्य तेजी से चल रहा है।
राष्ट्रपति जरदारी ने जताया शोक
पाकिस्तान के राष्ट्रपति Asif Ali Zardari ने इस हमले में मारे गए लोगों के प्रति गहरा शोक व्यक्त किया है। पीपीपी की ओर से जारी बयान में उन्होंने कहा कि बेगुनाह लोगों को निशाना बनाना इंसानियत के खिलाफ अपराध है।
राष्ट्रपति ने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि उन्हें सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
मंत्री बोले- देश का हौसला नहीं टूटेगा
पाकिस्तान सरकार के मंत्री डॉ. तारिक फजल चौधरी ने सोशल मीडिया पर लिखा कि इस्लामाबाद में हुए धमाके की वह कड़ी निंदा करते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी आतंकी घटनाएं देश और जनता का मनोबल नहीं तोड़ सकतीं और शांति व कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी को एकजुट रहना होगा।
पहले भी हो चुका है बड़ा हमला
गौरतलब है कि इससे पहले 11 नवंबर 2025 को इस्लामाबाद के G-11 इलाके में जिला एवं सत्र न्यायालय के बाहर हुए आत्मघाती धमाके में 12 लोगों की मौत और 30 से अधिक लोग घायल हुए थे।
