Greece Boat Accident: तटरक्षक जहाज से टकराई प्रवासियों की नाव; 14 की मौत, कई लापता

ग्रीस के एजियन सागर में चियोस द्वीप के पास मंगलवार को एक बड़ा समुद्री हादसा सामने आया है। तुर्की के तट से प्रवासियों को लेकर आ रही एक छोटी नाव की ग्रीक तटरक्षक बल के गश्ती जहाज से भीषण टक्कर हो गई। इस दर्दनाक दुर्घटना में अब तक कम से कम 14 प्रवासियों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई लोगों के लापता होने की आशंका जताई जा रही है।
कैसे हुआ हादसा
ग्रीक तटरक्षक बल के अधिकारियों के मुताबिक, गश्ती के दौरान एक संदिग्ध नाव को चियोस द्वीप की ओर बढ़ते हुए देखा गया। जब अधिकारियों ने नाव को वापस लौटने का निर्देश दिया, तो कथित तौर पर तस्करों ने जानबूझकर नाव का रुख तटरक्षक पोत की ओर मोड़ दिया, जिससे दोनों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हो सकी है और हादसे की वास्तविक वजह की जांच जारी है।
बचाव अभियान जारी
हादसे के बाद तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। अब तक 24 प्रवासियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है। तटरक्षक बल के दो अधिकारी घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। नाव पर सवार लोगों की राष्ट्रीयता का अभी खुलासा नहीं हो पाया है।
कई लोग अब भी लापता
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नाव में करीब 30 से 35 लोग सवार थे। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि कई प्रवासी अब भी समुद्र में लापता हैं।
लापता लोगों की तलाश के लिए व्यापक सर्च एंड रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है, जिसमें तटरक्षक जहाजों के साथ-साथ निजी नौकाएं और पेशेवर गोताखोर भी शामिल हैं।
