Kathmandu Flight Cancelled: एयर इंडिया ने रद्द की काठमांडू की कई उड़ानें, इंडिगो फ्लाइट की लखनऊ में लैंडिंग
Kathmandu Flight Cancelled: भारत के पड़ोसी देश नेपाल में सरकार के खिलाफ चल रहे Gen-Z आंदोलन को देखते हुए काठमांडू के त्रिभुवन इंटरनेशनल एयरपोर्ट को पूरी तरह बंद कर दिया गया है। ऐसे में भारत से काठमांडू जाने वाली सभी फ्लाइट कैंसिल हो गई हैं। एयर इंडिया और इंडिगो एयरलाइंस ने मंगलवार को राजधानी दिल्ली और काठमांडू के बीच अपनी उड़ानें रद्द करने की घोषणा की। दरअसल, नेपाल में Gen-Z युवा बड़े स्तर पर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। इसके कारण काठमांडू स्थित त्रिभुवन अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है।
एयर इंडिया ने बताया कि काठमांडू में मौजूदा स्थिति को देखते हुए, दिल्ली से काठमांडू और काठमांडू से दिल्ली के बीच चलने वाली एआई 2231/2232, एआई 2219/2220, एआई 217/218 और एआई 211/212 फ्लाइट रद्द कर दी गई हैं। एयरलाइन ने बताया कि स्थिति पर नजर रखी जा रही है, आगे की जानकारी शेयर की जाएगी।
इंडिगो ने भी रद्द की उड़ानें
नेपाल में हिंसक प्रदर्शन को देखते हुए इंडिगो एयरलाइंस ने भी भारत से काठमांडू आने-जाने वाली सभी फ्लाइट रद्द कर दी हैं। इंडिगो ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर जानकारी देते हुए बताया कि अगर किसी की यात्रा प्रभावित होती है, तो वे एयरलाइन की वेबसाइट पर जाकर दूसरी फ्लाइट का ऑप्शन चुन सकते हैं या फिर रिफंड ले सकते हैं। इंडिगो एयरलाइन ने कहा कि जल्द से जल्द फ्लाइट फिर से शुरू करने के लिए स्थानीय अधिकारियों के साथ कोआर्डिनेशन किया जा रहा है।
इंडिगो फ्लाइट की लखनऊ में लैंडिंग
नेपाल में बढ़ते प्रदर्शन को देखते हुए सुरक्षा के मद्देनजर इंडिगो की दो फ्लाइट्स को नेपाल में लैंड करने की परमिशन नहीं मिली। इसके कारण इंडिगो की दोनों फ्लाइट को डायवर्ट कर दिया गया। इन विमानों ने लखनऊ में लैंडिंग की। बता दें कि इंडिगो की फ्लाइट नंबर 6ई1157 ने दिल्ली से उड़ान भरी थी, जबकि दूसरी फ्लाइट नंबर 6ई1157 मुंबई से काठमांडू के लिए रवाना हुई थी।
