अफगानिस्तान में भीषण भूकंप: 1400 से ज्यादा लोगों की मौत, भारत ने भेजी राहत सामग्री

अफगानिस्तान में भीषण भूकंप: 1400 से ज्यादा लोगों की मौत, भारत ने भेजी राहत सामग्री
Afghanistan Earthquake Update: अफगानिस्तान में आए बिनाशकारी भूकंप से हर तरफ मातम का महौल है। मृतकों की संख्या बढ़कर 1400 के पार पहुंच गई। जबकि, 3250 से ज्यादा लोग घायल हैं। उपचार के माकूल इंतजाम न होने से उन्हें खासी परेशानी हो रही है। भारत और चीन समेत कई देशों ने राहत सामग्री भेजी है।
न्यूज एजेंसी AP के मुताबिक, अफगानिस्तान में जलालाबाद क्षेत्र में रविवार रात लोग गहरी नींद में सो रहे थे, तभी अचानक 6.0 तीव्रता का भूकंप आया और देखते ही देखते सैकड़ों बिल्डिंग मलबे में तब्दील हो गईं। इनकी चपेट में आने से 1400 से अधिक लोगों की मौत हो गई।
1000 टेंट और 15 टन भोजन सामग्री भेजी
अफगानिस्तान की तालिबान सरकार ने दुनियाभर से मदद मांगी। जिसके बाद भारत ने 1000 टेंट और 15 टन भोजन सामग्री भेजी है। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने अपने X हैंडल पर लिखा-भारत अभी और राहत सामग्री भेजेगा।
अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं ने रोक दी थी मदद
अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं ने अफगानिस्तान 2021 में तालिबान सरकार बनने के बाद से अफगानिस्तान की मानवीय मदद रोक दी थी, लेकिन इस त्रासदी के बाद भारत, चीन और ब्रिटेन जैसे तमाम देश मदद के लिए आगे आए हैं। ब्रिटेन ने 1 मिलियन पाउंड (10 करोड़) के इमरजेंसी फंड का भी ऐलान किया है। वहीं, चीन ने भी हर संभव मदद का भरोसा दिलाया है।
भूकंप ने किए कई गांव तबाह
अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के मुताबिक, अफगानिस्तान की राजधानी काबुल से 150 किमी दूर एक पहाड़ी इलाका है। भूकंप के लिए इसे रेड जोन माना जाता है। नांगरहार प्रांत में आने वाली यह पहाड़ी जलालाबाद शहर से करीब 17 मील दूर है। भूकंप के कारण यहां कई गांव मलबे में तब्दील हो गए हैं। इस इलाके में मदद पहुंचाना भी मुश्किल हो रहा है।
कुनार प्रांत में सर्वाधिक मौतें
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, भूकंप से सर्वाधिक मौतें कुनार प्रांत में हुई हैं। सोमवार को यहां 4.6 तीव्रता का एक और भूकंप आया था। अल जजीरा के मुताबिक, भूकंप इतना तीब्र था कि पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा और पंजाब प्रांत तक इसके झटके महसूस किए गए। भारत के गुरुग्राम में भी हल्के झटके महसूस किए गए हैं।
