Nothing ने भारत में अपना पहला फ्लैगशिप स्टोर बेंगलुरु के इंदिरानगर में खोला। 5,032 स्क्वायर फीट में फैला यह स्टोर स्मार्टफोन, ऑडियो डिवाइस, स्मार्टवॉच और कम्युनिटी एक्सपीरियंस की सुविधाएं देता है।

Nothing flagship store India: स्मार्टफोन ब्रांड Nothing ने भारत में अपना पहला फ्लैगशिप स्टोर शुरू कर दिया है। कंपनी ने बेंगलुरु में इस नए स्टोर का उद्घाटन किया, जिसे कंपनी के CEO Carl Pei और सह संस्थापक तथा इंडिया प्रेसिडेंट Akis Evangelidis ने लॉन्च किया।

कंपनी के अनुसार, यह कदम भारत में ब्रांड की मजबूत मौजूदगी बनाने की दिशा में अहम साबित होगा। बेंगलुरु स्टोर के बाद कंपनी न्यूयॉर्क और टोक्यो में भी अपने फ्लैगशिप स्टोर खोलने की तैयारी कर रही है।

कहां स्थित है नया स्टोर, क्या हैं टाइमिंग?
Nothing का यह नया स्टोर कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के इंदिरानगर स्थित 100 फीट रोड पर खोला गया है। लगभग 5,032 स्क्वायर फीट में फैला यह स्टोर रोजाना सुबह 11 बजे से रात 9 बजे तक खुला रहेगा।

यहां ग्राहक Nothing और CMF ब्रांड के सभी प्रोडक्ट्स देख और परख सकते हैं। स्टोर में स्मार्टफोन, ऑडियो डिवाइस, स्मार्टवॉच के साथ आधिकारिक मर्चेंडाइज भी उपलब्ध है।

सिर्फ रिटेल नहीं, मिलेगा एक्सपीरियंस
कंपनी ने इस स्टोर को पारंपरिक बिक्री केंद्र की बजाय एक एक्सपीरियंस हब के रूप में डिजाइन किया है। यहां ग्राहक प्रोडक्ट्स को हाथ से परख सकते हैं और ब्रांड की डिजाइन फिलॉसफी को करीब से समझ सकते हैं।

स्टोर में स्क्रीन प्रोटेक्टर लगाने के लिए विशेष उपकरण, वेंडिंग मशीन, क्लॉ गेम और कन्वेयर बेल्ट डिस्प्ले जैसी सुविधाएं भी रखी गई हैं।

डिजाइन में दिखेगा रेट्रो और मॉडर्न टच
स्टोर का इंटीरियर 1970 के दशक की असेंबली लाइन और वर्कशॉप स्टाइल से प्रेरित है। कंक्रीट, एल्यूमिनियम, स्टील और ग्लास जैसे मटेरियल को खुले रूप में रखा गया है, जो कंपनी की पारदर्शिता आधारित डिजाइन सोच को दर्शाता है।

कंपनी का कहना है कि यह स्टोर ब्रांड की ओपननेस और फंक्शनल डिजाइन को सामने लाने के उद्देश्य से तैयार किया गया है।

क्रिएटर्स और कम्युनिटी के लिए खास स्पेस
बेंगलुरु स्टोर में एक डेडिकेटेड स्टूडियो स्पेस भी है, जहां कंटेंट क्रिएटर अनबॉक्सिंग और हैंड्स ऑन वीडियो शूट कर सकते हैं। इसके अलावा एक कम्युनिटी जोन बनाया गया है, जहां इवेंट्स और इंटरैक्शन आयोजित किए जाएंगे।

यहां आने वाले विजिटर्स के लिए पेय पदार्थ और स्नैक्स की सुविधा भी उपलब्ध है, जिससे यह जगह टेक कम्युनिटी के लिए एक मिलन स्थल बन सके।

भारत में तेजी से बढ़ता ब्रांड
कंपनी के अधिकारियों का कहना है कि भारतीय बाजार में डिजाइन और हैंड्स ऑन एक्सपीरियंस को काफी महत्व दिया जाता है। इसी को ध्यान में रखते हुए यह फ्लैगशिप स्टोर तैयार किया गया है, जो भविष्य के प्रोडक्ट लॉन्च और कम्युनिटी एक्टिविटी का केंद्र बनेगा।

Nothing का यह कदम भारतीय स्मार्टफोन बाजार में उसकी बढ़ती महत्वाकांक्षा को साफ दर्शाता है।