Independence Day 2025: Google खास अंदाज में मना रहा भारत का 79वां स्वतंत्रता दिवस, बनाया अनोखा डूडल

Google celebrates indias independence day with special doodle
Independence Day 2025: भारत आज 15 अगस्त को 79वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास से मना रहा है। इस खास मौके पर सर्च इंजन गूगल ने अपने होमपेज पर एक विशेष डूडल बनाया है, जो देश की वैश्विक उपलब्धियों और सांस्कृतिक विरासत को बेहद खूबसूरती से दर्शाता है।
इस बार के गूगल डूडल में भारत की आधुनिक प्रगति और पारंपरिक कला का अनूठा संगम देखने को मिला। डूडल की रचना बूमरैन्ग स्टूडियो के कलाकार मकरंद नरकर और सोनल वसावे ने की है। इस डूडल में भारत की अंतरिक्ष मिशनों, विश्व शतरंज विजयों, क्रिकेट की सफलताओं और अंतरराष्ट्रीय फिल्म जगत में पहचान को खास अंदाज में चित्रित किया गया है।
गूगल ने शेयर किया मैसेज के साथ अनोखा डूडल
गूगल ( Google) ने इस अनोखे डूडल को शेयर करते हुए लिखा- "यह डूडल भारत के स्वतंत्रता दिवस का जश्न मनाता है। 1947 में इसी दिन भारत ने ब्रिटिश शासन से आजादी पाई और एक संप्रभु गणराज्य के रूप में स्थापित हुआ। भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन ने दुनिया को यह दिखाया कि अहिंसा और सविनय अवज्ञा से भी क्रांति लाई जा सकती है।"इस बार डूडल में क्या है खास?
डूडल की खासियत यह है कि इसमें छह अलग-अलग टाइल्स दिखाई दे रही हैं, और प्रत्येक टाइल भारत के विभिन्न क्षेत्रों की पारंपरिक कलाओं को दर्शाती है। इनमें शामिल हैं:- राजस्थान की जयपुर ब्लू पॉटरी
- पश्चिम बंगाल की टेराकोटा राहत कला (relief art)
- और अन्य चार क्षेत्रीय कलात्मक शैलियाँ, जो विविधता में एकता को दर्शाती हैं।
डिज़ाइन में इन क्षेत्रीय शैलियों के माध्यम से राष्ट्र की आधुनिक सफलताओं को जोड़ा गया है, जिससे यह डूडल सिर्फ एक कलाकृति नहीं, बल्कि भारत की प्रगति और पहचान का प्रतीक बन जाता है।
साल 2024 में था खास
पिछले साल 2024 में, गूगल ने भारत की वास्तुकला विरासत को समर्पित एक डूडल पेश किया था, जिसे फ्रीलांस आर्ट डायरेक्टर और इलस्ट्रेटर वृंदा ज़वेरी ने डिजाइन किया था। उसमें छह पारंपरिक दरवाजे और खिड़कियाँ दिखाए गए थे, जो भारत के विविध वास्तुशिल्प शैलियों को उजागर करते थे। उस डूडल में भारतीय मोर (राष्ट्रीय पक्षी) की भी एक छोटी सी झलक दी गई थी।
Google Doodle का इतिहास
गूगल डूडल एक थीम पर आधारित लोगो होता है, जिसे गूगल खास अवसरों पर अपने होमपेज पर दिखाता है। यह डूडल किसी विशेष दिन, महापुरुष, सांस्कृतिक उत्सव या ऐतिहासिक घटना के सम्मान में बनाया जाता है।
पहला Google Doodle साल 1998 में आया था, जब गूगल के सह-संस्थापक लैरी पेज और सर्गेई ब्रिन ने यह संकेत देने के लिए इस्तेमाल किया कि वे Burning Man Festival में भाग लेने के कारण ऑफिस से बाहर हैं। साल 2000 में पहला अंतरराष्ट्रीय डूडल फ्रांस के Bastille Day पर पेश किया गया। 2010 में, पहला इंटरैक्टिव डूडल लॉन्च किया गया था, जो लोकप्रिय वीडियो गेम Pac-Man की 30वीं वर्षगांठ पर था।
