Uttarakhand Road Accident: उत्तराखंड के सितारगंज में गुरुवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। सिडकुल मार्ग पर मलपुरी के पास हुए इस भीषण एक्सीडेंट में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के मुताबिक, तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने इन युवकों को टक्कर मार दी और चालक मौके से फरार हो गया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
मृतकों की पहचान सुल्तान (24), नाजिम (16) और शादाब (26) के रूप में हुई है। वहीं, कैफ (15) गंभीर रूप से घायल है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है।
बताया जा रहा है कि वाहन गुलफाम चला रहा था, जो इस हादसे में सुरक्षित बच गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मामले की जांच कर रहे सीओ भूपेंद्र सिंह धोनी ने अस्पताल पहुंचकर मृतकों के परिजनों से मुलाकात की और पूरी घटना की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि फरार वाहन और उसके चालक की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को पकड़कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।