राजेंद्र से शादी, गजेंद्र से प्यार: 'मृतका' रुचि यादव प्रेमी संग ज़िंदा मिली, पति और ससुराल वाले झूठे दहेज हत्या में फंसे थे!

मृतका रुचि यादव प्रेमी संग ज़िंदा मिली, पति और ससुराल वाले झूठे दहेज हत्या में फंसे थे!
X

रुचि ने बताया कि उसकी शादी राजेंद्र से उसकी इच्छा के विरुद्ध कराई गई थी।

गाज़ीपुर में दहेज हत्या के झूठे मामले में फंसा पति और ससुराल वाले तब बरी हो गए जब 'मृतका' रुचि यादव मध्य प्रदेश के ग्वालियर में अपने प्रेमी गजेंद्र यादव के साथ ज़िंदा मिली।

गाज़ीपुर: उत्तर प्रदेश के गाज़ीपुर जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने दहेज हत्या के एक गंभीर मामले को पूरी तरह से पलट दिया है।

जिस विवाहिता रुचि यादव की मां ने उसके पति और ससुराल वालों पर दहेज के लिए हत्या करने और शव गायब करने का आरोप लगाया था, वह महिला मध्य प्रदेश के ग्वालियर में अपने प्रेमी गजेंद्र यादव के साथ पत्नी बनकर सामान्य जीवन जी रही थी।

पुलिस की गहन जांच में यह साबित होने के बाद कि महिला जिंदा है, दहेज हत्या के आरोप में फंसे ससुराल वालों को बड़ी राहत मिली है।

ससुराल वालों पर लगा था दहेज हत्या का झूठा आरोप

गाज़ीपुर के बरहापार भोजुराई गांव निवासी राजवंती देवी ने 3 अक्टूबर को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि उनकी बेटी रुचि यादव की हत्या उसके पति राजेंद्र यादव, सास कमली देवी समेत छह ससुरालवालों ने दहेज के लिए कर दी है।

राजवंती देवी का आरोप था कि हत्या के बाद उन लोगों ने शव को भी ठिकाने लगा दिया। इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने रुचि के पति और ससुरालवालों के खिलाफ दहेज हत्या और साक्ष्य मिटाने की गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया था, जिसके चलते वे मुश्किल में थे।

पुलिस की जांच में खुली 'मृतका' की चौंकाने वाली कहानी

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने गहन जांच शुरू की। छानबीन में पुलिस को पता चला कि रुचि यादव की कथित हत्या नहीं हुई है, बल्कि वह जिंदा है और अपनी मर्जी से घर छोड़कर गई है। सर्विलांस और अन्य तकनीकी माध्यमों से पुलिस ने रुचि की लोकेशन का पता लगाया।

पुलिस टीम ने मध्य प्रदेश के ग्वालियर में दबिश दी, जहां रुचि अपने प्रेमी गजेंद्र यादव के साथ रह रही थी। गजेंद्र रेवई गांव का रहने वाला है। पुलिस उसे ग्वालियर से गाज़ीपुर लेकर आई, जहा पुलिस उपाधीक्षक ने मीडिया के सामने पूरा खुलासा किया।

रुचि ने खुद स्वीकारा-अपनी मर्जी से गई थी, झूठा केस दर्ज कराया

पुलिस के सामने रुचि यादव ने चौंकाने वाला बयान दिया। उसने कबूल किया कि उसने अपने पति या ससुराल वालों पर लगाए गए सभी आरोप अपने माता-पिता के दबाव में आकर लगाए थे।

रुचि ने बताया कि उसकी शादी राजेंद्र से उसकी इच्छा के विरुद्ध कराई गई थी। वह स्कूल के समय से ही गजेंद्र से प्यार करती थी और उसी के साथ रहना चाहती थी। इसीलिए शादी के कुछ समय बाद ही उसने ससुराल छोड़ दिया और ग्वालियर जाकर गजेंद्र के साथ रहने लगी। उसने साफ किया कि किसी ने उसकी हत्या नहीं की, बल्कि वह खुद गई थी।

झूठी शिकायत दर्ज कराने वालों पर अब होगी कानूनी कार्रवाई

पुलिस जांच में साबित हो गया है कि ससुराल वालों पर दर्ज किया गया दहेज हत्या का पूरा मामला झूठा और मनगढ़ंत था। इस खुलासे के बाद पुलिस ने उन सभी ससुराल वालों को राहत दी, जो दहेज हत्या के झूठे आरोप में फंसे थे। CO रामकृष्ण तिवारी ने मीडिया को बताया कि जांच में यह सिद्ध हो गया कि महिला जिंदा है।

पुलिस अब झूठी शिकायत दर्ज कराने वाली रुचि की मां राजवंती देवी और अन्य शिकायतकर्ताओं के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू करने की तैयारी कर रही है।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story