झांसी स्टेशन के पास जमकर बवाल: वंदे भारत ट्रेन में सीट एक्सचेंज न करने पर यात्री को गुंडों ने पीटा; BJP विधायक पर आरोप

वंदे भारत ट्रेन में बवाल, सीट एक्सचेंज न करने पर यात्री को गुंडों ने पीटा; BJP विधायक पर आरोप
नई दिल्ली से भोपाल आ रही वंदे भारत एक्सप्रेस (20172) के एक्जीक्यूटिव कोच E-2 में शुक्रवार (20 जून) को जबरदस्त बवाल हुआ। बबीना से भाजपा विधायक राजीव सिंह के समर्थकों पर यात्री राज प्रकाश के साथ मारपीट करने का आरोप है। झांसी स्टेशन के पास हुए इस घटनाक्रम को लेकर कांग्रेस ने पुलिस और सत्तपक्ष पर गंभीर सवाल उठाए हैं। कहा, वंदे भारत जैसी प्रीमियम ट्रेनों में भी यात्री सुरक्षित नहीं हैं, तो फिर आम ट्रेनों पर क्या हाल होगा?
क्या हुआ था?
राज प्रकाश सीट नंबर 49 (विंडो सीट) पर बैठे थे, जबकि बबीना विधायक राजीव सिंह सीट नंबर 8, उनकी पत्नी कमली सिंह सीट नंबर 50 और बेटा श्रेयांश सिंह सीट नंबर 51 पर थे। विधायक ने राज प्रकाश को सीट बदलने के लिए कहा, लेकिन यात्री ने इंकार कर दिया। जिसे लेकर दोनों में विवाद होने लगा।
ट्रेन जैसे ही झांसी स्टेशन पर रुकी, 7–8 लोग कोच में चढ़े और राज प्रकाश को लात-घूंसों और चप्पलों से पीटने लगे। मारपीट के दौरान राज प्रकाश की नाक में फ्रैक्चर हो गया और खून बहने लगा।
चश्मदीदों की गवाही
- प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि लगभग 15-20 लोग ट्रेन में जबरन चढ़े थे। उन्होंने जिस तरीके से बुजुर्ग यात्री की पिटाई की, उसे देखकर कोच में सवार बच्चे और महिलाएं सहम गए।
- ट्रेन के अन्य यात्रियों ने सुरक्षा पर गंभीर सवाल उठाए हैं। कहा, यह घटना पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में हुई है। कुछ लोगों ने आरोपियों से मिले होने का आरोप भी लगाया है।
विधायक ने Video जारी कर सफाई दी
भाजपा विधायक राजीव सिंह ने वीडियो जारी कर घटनाक्रम पर सफाई दी है। कहा, सीट पर बैठे लोग आपत्तिजनक स्थिति में पैर फैलाए थे। मैंने सिर्फ ठीक से बैठने के लिए कहा, लेकिन वे बहस करने लगे। जिसके बाद मैं गैलरी में चला गया। उन्हें लगा कि मैं शिकायत कर रहा हूं। लिहाजा, वे फिर मुझसे बहस करने आ गए।
जीआरपी थाने में शिकायत
विधायक ने झांसी जीआरपी थाने में राज प्रकाश समेत दो यात्रियों के खिलाफ एनसीआर (गैर-संज्ञेय रिपोर्ट) दर्ज कराई है।
वंदे भारत ट्रेन में बुज़ुर्ग यात्री ने 49 नंबर सीट एक्सचेंज करने से इनकार किया — बबीना के BJP विधायक राजीव सिंह के समर्थकों ने झाँसी स्टेशन पर पीटा!
— Mukesh Nayak (@mukeshnayakINC) June 19, 2025
नाक से खून निकल आया...
ये है "सुशासन" की असलियत?
उत्तर प्रदेश में कानून नहीं, #गुंडा_राज चल रहा है!#VandeBharat #UPNews #BJP pic.twitter.com/h8SBuTKx0t
कांग्रेस बोली-यूपी गुंडा राज
कांग्रेस प्रवक्ता मुकेश नायक ने घटनाक्रम का वीडियो शेयर कर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। X पर लिखा-बीजेपी विधायक के समर्थकों ने बुजुर्ग को पीटा, नाक से खून निकला। यही है ‘सुशासन’? यूपी में कानून नहीं, गुंडा राज है।
मुकेश नायक ने उठते सवाल
क्या वंदे भारत जैसी प्रीमियम ट्रेनों में भी अब यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं है? जब पुलिस की मौजूदगी में मारपीट होती है, तो आम लोग किस पर भरोसा करें?VIP कल्चर क्या आम नागरिकों की गरिमा से बड़ा हो गया है?