यूपी: डीजीपी राजीव कृष्ण ने नेपाल सीमा पर जारी किया हाई अलर्ट, हेल्पलाइन नंबर भी जारी

UP DGP Rajiv Krishna
X
उत्तर प्रदेश के डीजीपी राजीव कृष्ण ने नेपाल सीमा पर हाई अलर्ट जारी किया है। सीमावर्ती जिलों में सुरक्षा बढ़ाई गई और हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं।

लखनऊ डेस्क: पड़ोसी देश नेपाल में सोशल मीडिया पर प्रतिबंध के बाद से भड़की हिंसा और बिगड़ती हुई कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए, उत्तर प्रदेश पुलिस ने अपनी तैयारियों को पुख्ता कर लिया है। उत्तर प्रदेश के डीजीपी राजीव कृष्ण ने राज्य की 651 किलोमीटर लंबी भारत-नेपाल सीमा पर 24 घंटे हाई अलर्ट रहने का आदेश जारी किया है। नेपाल हिंसा का यूपी पर किसी भी तरीके का प्रभाव न पड़े इसके लिए पुलिस चाक चौबंद है। डीजीपी ने सीमावर्ती जनपदों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती का भी निर्देश दिया है।

24 घंटे की कड़ी निगरानी और अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती

डीजीपी राजीव कृष्ण के आदेशों के अनुसार, नेपाल से सटे उत्तर प्रदेश के सात जिलों - पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर और महाराजगंज - में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है। इन सभी जिलों की सीमाओं पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और गश्त व निगरानी को बढ़ा दिया गया है। पुलिस यह सुनिश्चित कर रही है कि कोई भी अराजक तत्व सीमा पार कर भारत में प्रवेश न कर सके। साथ ही, ड्रोन से सीमावर्ती क्षेत्रों की निगरानी की जा रही है।

नेपाल में फंसे भारतीयों के लिए नियंत्रण कक्ष और हेल्पलाइन नंबर

नेपाल में फंसे भारतीय नागरिकों की मदद के लिए डीजीपी ने पुलिस मुख्यालय, लखनऊ में कंट्रोल रूम स्थापित करने का आदेश दिया है। यह कंट्रोल रूम 24x7 काम करेगा और अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक की देखरेख में संचालित होगा। इस नियंत्रण कक्ष के माध्यम से, नेपाल में फंसे या प्रभावित भारतीय नागरिक सहायता प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए नंबर जारी किए गए हैं:

हेल्पलाइन नंबर: 0522-2390257, 0522-2724010, 9454401674

व्हाट्सएप नंबर: 9454401674

सोशल मीडिया पर भी कड़ी नजर

डीजीपी ने यूपी पुलिस की सोशल मीडिया इकाई को भी विशेष निर्देश दिए हैं। उन्हें नेपाल की स्थिति से संबंधित किसी भी संवेदनशील या भड़काऊ सामग्री पर बारीकी से नजर रखने और आवश्यकता पड़ने पर तुरंत कार्रवाई करने के लिए कहा गया है। इसका उद्देश्य सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों और फेक न्यूज को रोकना है, जो समाज में तनाव पैदा कर सकती हैं।

सरकार का स्पष्ट रुख और पुलिस की तैयारी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ नेपाल की स्थिति को लेकर बेहद गंभीर है। डीजीपी राजीव कृष्ण ने भी कहा है कि यूपी पुलिस राज्य में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और नेपाल की स्थिति से प्रभावित भारतीय नागरिकों की हर संभव मदद करने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story