मानसून सत्र 2025: UP विधानसभा में हंगामा, कांवड़ लेकर पहुंचे सपा MLA; देखें Video

मानसून सत्र के पहले दिन कांवड़ लेकर विधानसभा पहुंचे सपा विधायक अतुल प्रधान
UP Monsoon Session 2025: उत्तर प्रदेश विधानसभा का मॉनसून सत्र आज (11 अगस्त 2025, सोमवार) से शुरू हो गया। विपक्षी दल समाजवादी पार्टी (सपा) ने शराब नीति, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और स्कूल मर्जीकरण के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। अतुल प्रधान कांवड़ लेकर विधानसभा पहुंचे। अन्य विधायकों ने भी पोस्टर-बैनर के साथ अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया।
विधानसभा सत्र शुरू होते ही सपा विधायक विधानसभा गेट पर खड़े होकर सरकार विरोधी नारे लगाने लगे। बैनर और पोस्टर के जरिए उन्होंने बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और शिक्षा नीति पर योगी सरकार को घेरा।
उत्तर प्रदेश विधानसभा में समाजवादी पार्टी के माननीय विधायकों ने भाजपा सरकार में PDA की हकमारी, बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार, किसानों की समस्या, वोट चोरी जैसे तमाम मुद्दों को लेकर प्रदर्शन किया। pic.twitter.com/dT3nWZCyMF
— Samajwadi Party (@samajwadiparty) August 11, 2025
अतुल प्रधान का कांवड़ विरोध
सपा विधायक अतुल प्रधान कांवड़ लेकर विधानसभा पहुंचे। कांवड में एक तरफ सरकारी स्कूल, छात्र की और दूसरी ओर शराब दुकान की फोटो थी। ऊपर डॉ. भीमराव अंबेडकर और राम मनोहर लोहिया की तस्वीर भी लगा रखी है। बताया कि सरकार गांव की सरकारी स्कूल बंद कर शराब दुकानें खोल रही है। इससे उत्तर प्रदेश के हजारों बच्चों का भविष्य संकट में हैं। कांवड़ यात्रा के जरिए आइना दिखाने का प्रयास है।
सचिन यादव का अनोखा प्रदर्शन
सपा विधायक सचिन यादव ब्लैक कुर्ता पहनकर विधानसभा पहुंचे। इस पर उन्होंने बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और आत्महत्या जैसे शब्द लिखवा रखे हैं। यूनिवर्सिटी ग्रेजुएशन के दीक्षांत समारोह में पहने जाने वाली ड्रेस पहनकर उन्होंने भी सरकार के खिलाफ प्रतीकात्मक विरोध किया।
बाढ़, बिजली और शिक्षा पर सरकार को घेरा
मानसून सत्र में समाजवादी पार्टी के विधायक स्कूल मर्जर, बाढ़ की समस्या, बिजली निजीकरण का मुद्दा जोर शोर से उठाया। वहीं भाजपा विजन डॉक्यूमेंट-2047 का मसौदा पेश कर रही है। विपक्ष और सत्ता पक्ष के बीच तीखी बहस हुई। विपक्षी विधायक प्रश्नकाल के दौरान ही हंगामा करने लगे। उनके विरोध के चलते स्पीकर सतीश महाना ने 15 मिनट के लिए सदन स्थगित कर दिया।
सीएम योगी और डिप्टी सीएम के बयान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह मानसून सत्र विशेष है और विपक्ष के सभी सवालों का सार्थक जवाब दिया जाएगा। उन्होंने विपक्ष से सकारात्मक चर्चा की अपील की। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि सत्र में विकास कार्यों और जनहित के मुद्दों पर चर्चा होगी और सभी विधेयकों पर खुलकर बहस होगी।
