Rinku-Saroj Wedding Postponed: रिंकू सिंह और सांसद प्रिया सरोज की शादी टली, अब डेस्टिनेशन वेडिंग की तैयारी

क्रिकेटर रिंकू सिंह और सांसद प्रिया सरोज की नवंबर में होने वाली शादी टल गई है।
Rinku Singh-Priya Saroj Wedding : टीम इंडिया के उभरते क्रिकेटर रिंकू सिंह और मछलीशहर से सांसद प्रिया सरोज की नवंबर में होने वाली शादी फिलहाल टल गई है। रिपोर्ट्स के अनुसार, दोनों की शादी 18 नवंबर 2025 को वाराणसी के ताज होटल में होनी थी, लेकिन रिंकू सिंह के व्यस्त क्रिकेट शेड्यूल के चलते यह तारीख आगे बढ़ा दी गई है।
क्यों टली रिंकू-प्रिया की शादी?
सूत्रों के मुताबिक, रिंकू सिंह अक्टूबर से फरवरी के बीच घरेलू क्रिकेट खेलेंगे और इसके तुरंत बाद आईपीएल 2026 की तैयारियों में जुट जाएंगे। ऐसे में शादी के लिए समय निकाल पाना मुश्किल हो गया। इसी कारण परिवार ने फिलहाल शादी को टालने का फैसला किया है।
Rinku-Saroj Wedding: नई तारीख और वेन्यू
अब शादी की नई तारीख फरवरी 2026 के अंत में तय की जा सकती है या फिर आईपीएल 2026 के बाद। साथ ही दोनों परिवारों ने यह भी फैसला किया है कि अब शादी वाराणसी में नहीं, बल्कि किसी और स्थान पर डेस्टिनेशन वेडिंग के रूप में होगी।
Rinku-Saroj Wedding: सगाई समारोह में जश्न
रिंकू सिंह और प्रिया सरोज की सगाई 8 जून 2025 को लखनऊ के सेंट्रम होटल में हुई थी। इस भव्य समारोह में राजनीति और क्रिकेट जगत की कई जानी-मानी हस्तियों ने शिरकत की। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव, जया बच्चन, सांसद रामगोपाल यादव, बीसीसीआई उपाध्यक्ष और कांग्रेस नेता राजीव शुक्ला, यूपी रणजी टीम के कप्तान आर्यन जुयाल जैसे दिग्गज उपस्थित थे।
Rinku-Saroj : कैसे शुरू हुई प्रेम कहानी?
रिंकू सिंह और प्रिया सरोज की पहली मुलाकात साल 2023 में दिल्ली में एक शादी समारोह के दौरान हुई थी। धीरे-धीरे दोनों में दोस्ती हुई और फिर यह रिश्ता प्यार में बदल गया। करीब डेढ़ साल तक एक-दूसरे को समझने के बाद दोनों ने परिवार की सहमति से सगाई की और शादी का फैसला किया।
