लखनऊ: राजा भैया की सास मंजुल सिंह ने बेटी भानवी और मैनेजर पर दर्ज कराई FIR, करोड़ों की जालसाजी का गंभीर आरोप

मंजुल सिंह ने भानवी सिंह और राजेश प्रताप सिंह के खिलाफ जालसाजी, धोखाधड़ी की धाराओं में शिकायत दर्ज कराई है।
लखनऊ : कुंडा विधायक और बाहुबली राजा भैया की सास मंजुल सिंह ने अपनी ही बेटी भानवी सिंह और निजी मैनेजर राजेश प्रताप सिंह के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। मंजुल सिंह ने लखनऊ के हजरतगंज थाने में अपनी बेटी भानवी सिंह (राजा भैया की पत्नी) और निजी मैनेजर राजेश प्रताप सिंह के खिलाफ जालसाजी, धोखाधड़ी और आपराधिक विश्वासघात की धाराओं के तहत लिखित शिकायत दर्ज कराई है। इस शिकायत में करोड़ों रुपये की संपत्ति के हेरफेर का ठोस आरोप लगाया गया है।



फर्जी दस्तावेज़ और 70 दुकानों के किराए की हेराफेरी
शिकायत में मंजुल सिंह, जो 201 सिल्वर ओक अपार्टमेंट, गोखले मार्ग, लखनऊ की निवासी हैं, ने पुलिस को दिए गए प्रार्थना पत्र में विस्तार से घटनाक्रम बताया है। उनका मुख्य आरोप है कि उनके मैनेजर राजेश प्रताप सिंह,ने उनकी बिना किसी अनुमति या जानकारी के, उनके नाम पर एक फर्जी किरायानामा तैयार कर लिया।
मंजुल सिंह ने दावा किया है कि इस दस्तावेज़ पर उनके हस्ताक्षर भी जाली किए गए हैं। शिकायत में कहा गया है कि लगभग 70 दुकानों से संबंधित ज़मानत राशि और मासिक किराया फर्जी दस्तावेज़ों के आधार पर हड़प लिया गया है।
मंजुल सिंह ने साफ़ किया है कि सिक्योरिटी डिपॉजिट से जुड़े किसी भी वैध कागजात पर उनके हस्ताक्षर नहीं हैं, फिर भी आरोपी ने उन्हें वैध दिखाकर उपयोग किया।
मां की शिकायत में बेटी भानवी सिंह का नाम क्यों?
शिकायत का सबसे संवेदनशील पहलू यह है कि मंजुल सिंह ने अपनी बेटी भानवी सिंह को भी इस अपराध में संलिप्त बताया है। मंजुल सिंह के अनुसार, जब उन्होंने मैनेजर राजेश प्रताप सिंह को धोखाधड़ी की जानकारी मिलने पर तलब किया, तो उसने अपनी गलती स्वीकार करते हुए दावा किया कि उसने यह सब भानवी सिंह के आदेश पर किया था।
मंजुल सिंह ने पुलिस को बताया कि मैनेजर के मोबाइल फोन में इस पूरी धोखाधड़ी, कूटरचना और अवैध वसूली से जुड़े कई महत्वपूर्ण डिजिटल प्रमाण मौजूद हैं। उन्होंने पुलिस से इन प्रमाणों को जब्त कर कानूनी प्रक्रिया के अनुसार आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।
विवाद की पृष्ठभूमि - तलाक का केस
यह मामला ऐसे वक्त में सामने आया है जब राजा भैया और भानवी सिंह के बीच पहले से ही तलाक का मुकदमा दिल्ली की साकेत कोर्ट में चल रहा है। दोनों पक्षों द्वारा एक-दूसरे पर लगाए गए आरोप और प्रत्यारोप लगातार सुर्खियों में रहे हैं, पारिवारिक कलह के चलते राजा भईया का परिवार दो धड़ों में बंटा हुआ है।
राजा भैया की दोनों बेटियां इस विवाद में अपनी मां भानवी सिंह के साथ हैं, जबकि उनके दोनों बेटे अपने पिता राजा भैया के साथ खड़े हैं। मंजुल सिंह ने पुलिस से इस गंभीर धोखाधड़ी के मामले में प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई करने का निवेदन किया है।
