Logo
UP Lok Sabha Chunav 2024 Voting update: लोकसभा चुनाव के छठे चरण में शनिवार को भीषण गर्मी मुसीबत बन रही है। संत कबीर नगर में वोट डालने आई महिला की मौत हो गई। जबकि, लालगंज, आजगढ़ में कुछ लोगों की बतीयत बिगड़ गई। बस्ती में पीठासीन अधिकारी बीमार पड़ गए।

UP Lok Sabha Chunav 2024 Voting update: उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी के बीच मतदान जारी है। चुनाव आयोग ने हर बूथ पर छाया पानी के इंतजाम किए हैं। इसके बावजूद मतदाताओं की मुश्किल कम नहीं हुई। सुबह से ही वोटर्स के बीमार होने की घटनाएं सामने आ रही हैं। संतकबीर नगर में वोट डालने आई महिला की मौत हो गई। जबकि, लालगंज और आजमगढ़ में कुछ लोगों के बीमार होने की जानकारी मिली है। बस्ती में तो पीठासीन अधिकारी की तबीयत बिगड़ गई। 

संतकबीर नगर में महिला की मौत 
संतकबीर नगर में  मतदान के दौरान एक महिला की मौत हो गई। बेलहर थाना क्षेत्र के मंझरिया पठान में जलधारी देवी पत्नी बसंत (70) केवटलिया बूथ में वोट डालने आई थीं, तभी भीषण गर्मी के चलते गेट पर चक्कर खाकर गिर गईं। परिजनों ने तुरंत मेहदावल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।

लालगंज विधानसभा के खनियरा बूथ पर एक मतदाता गर्मी से चक्कर खाकर गिर गया। गिरने के कारण मतदाता का सिर फट गया। आनन-फानन उसे अस्पताल ले जाया गया। आजमगढ़ संसदीय क्षेत्र के बूथ नंबर 324 के बाहर कतार में खड़ी प्रमिला निवासी फरिहा की अचानक तबीयत खराब हो गई। जिसके बाद वह जमीन पर बैठ गई। लोगों ने मतदान दल से कहकर उनका वोट डलवाने की अपील की, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। 

UP के कुछ जिलों का तापमान 43 के पार
दरअसल, शनिवार को पूर्वी उत्तर प्रदेश में बादल छाए हैं, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हीटवेव का अलर्ट जारी है। कई जिलों में तापमान भी 43 डिग्री सेल्सियस के पार है। लखनऊ मौसम केंद्र के वैज्ञानिक मो दानिश ने बताया कि पूर्वी उत्तर प्रदेश में शनिवार से 20 से 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। पश्चिमी यूपी में हीटवेव का कहर जारी रहेगा। लखनऊ वॉर्म नाइट का अलर्ट है। यानी रात में यहां बेहद गर्मी रहेगी। 

UP में कहां कितना तापमान 

  • मौसम विभाग ने बताया, लखनऊ का अधिकतम तापमान 41 और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रहेगा। 
  • कानपुर, बाराबंकी, हरदोई, लखीमपुर खीरी, गोरखपुर और वाराणसी, बलिया चुर्क, बहराइच और प्रयागराज में न्यूनतम तापमान 23 डिग्री से 24 डिग्री के बीच और अधिकतम तापमान 39 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान हैं। 
  • बांदा, सुल्तानपुर, फैजाबाद, फतेहपुर, फुरसतगंज, गाजीपुर, फतेहगढ़, झांसी, बस्ती, उरई और हमीरपुर में न्यूनतम तापमान 25 डिग्री से 27 डिग्री और अधिकतम तापमान 36 से लेकर 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। 
  • शाहजहांपुर, नजीबाबाद, बरेली, मुरादाबाद, मुजफ्फरनगर, मेरठ, आगरा, अलीगढ़, बुलंदशहर और इटावा में न्यूनतम तापमान 29 से 30 डिग्री व अधिकतम तापमान 40 से 43 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। 
  • नोएडा, गाजियाबाद, हापुड़, सहारनपुर, बाराबंकी, कन्नौज, हरदोई और आजमगढ़ जिलों में अधिकतम तापमान 38 से 39 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 से 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। 

 

 

 

5379487