Logo
जांच टीम ने माघ मेला क्षेत्र में शंकराचार्य के शिविर का मौका मुआयना कर रास्तों और सीसीटीवी की जानकारी जुटाई है।

प्रयागराज: शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के खिलाफ नाबालिगों से यौन शोषण के आरोप में एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस एक्शन मोड में आ गई है। रविवार को जांच टीम शिकायतकर्ता आशुतोष ब्रह्मचारी महाराज को साथ लेकर माघ मेला क्षेत्र पहुंची। पुलिस ने उस स्थान का बारीकी से निरीक्षण किया जहां शंकराचार्य का शिविर लगा था और साक्ष्य जुटाने के लिए पूरे इलाके का नक्शा तैयार किया है।

सीसीटीवी कैमरों और रास्तों की गहन जांच

​पुलिस ने अपनी जांच के दौरान शिविर के आने-जाने वाले रास्तों और पीछे के मार्गों का विस्तृत खाका खींचा है। इसके साथ ही, मेला क्षेत्र और शिविर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की स्थिति के बारे में भी जानकारी जुटाई गई है।

पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घटना के समय की फुटेज उपलब्ध है या नहीं, ताकि आरोपों की सच्चाई का तकनीकी आधार पर मिलान किया जा सके।

​पॉक्सो कोर्ट के आदेश पर दर्ज हुआ मुकदमा

​दरअसल, शिकायतकर्ता आशुतोष महाराज ने दो नाबालिग बच्चों को प्रयागराज की पॉक्सो कोर्ट में पेश किया था, जिन्होंने कैमरे के सामने अपने बयान दर्ज कराए। कोर्ट ने आरोपों की गंभीरता और संज्ञेय अपराध को देखते हुए शनिवार को एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया था। इसी आदेश के अनुपालन में शनिवार देर रात झूंसी थाने में शंकराचार्य, उनके शिष्य मुकुंदानंद और 2-3 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।

​शोषण का गंभीर आरोप

​एफआईआर के मुताबिक, पीड़ित नाबालिगों ने बताया कि उन्हें अविमुक्तेश्वरानंद और उनके सहयोगियों ने अपने साथ रखा था और एक साल तक उनके साथ कुकर्म किया गया। बच्चों का आरोप है कि महाकुंभ 2025 और माघ मेला 2026 के दौरान भी उनके साथ गलत काम हुआ। आरोप यह भी है कि शंकराचार्य के शिष्य बच्चों पर यह कहकर दबाव बनाते थे कि यह 'गुरु-सेवा' है और इससे उन्हें आशीर्वाद मिलेगा।

​शंकराचार्य ने आरोपों को बताया बेबुनियाद

​वहीं, शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद ने इन सभी आरोपों को पूरी तरह से निराधार और झूठा करार दिया है। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता आशुतोष ब्रह्मचारी एक हिस्ट्रीशीटर है और यह पूरा मामला उन्हें बदनाम करने की एक साजिश है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे जांच में पुलिस का पूरा सहयोग करेंगे और सच जल्द ही सबके सामने आ जाएगा।

5379487