उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में मंगलवार को एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जिसमें एक ही परिवार के तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में गम और गुस्से का माहौल बन गया।
जानकारी के मुताबिक, अहरौरा-जमुई मुख्य मार्ग पर रोशनहार के पास एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। बाइक पर सवार महिला अपने बीमार बेटे को दवा दिलाने जा रही थी, तभी यह हादसा हो गया।
हादसे में अहिरुपुर सोनपुर निवासी अशोक बिंद की पत्नी वेदवती देवी, उनके 5 साल के बेटे अनमोल बिंद और देवर अनुराग की मौके पर ही मौत हो गई। तीनों एक ही बाइक पर सवार थे और घाटमपुर की ओर जा रहे थे।
घटना की खबर मिलते ही परिजन और गांव के लोग मौके पर पहुंच गए। हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने शवों को सड़क पर रखकर अहरौरा-जमुई मार्ग पर जाम लगा दिया। ग्रामीणों की मांग थी कि दोषी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
जाम के कारण सड़क पर लंबा ट्रैफिक लग गया और आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद स्थिति को नियंत्रण में लाने की कोशिश जारी है।
पुलिस ने बताया कि ट्रेलर को कब्जे में ले लिया गया है, लेकिन चालक हादसे के बाद फरार हो गया है। उसकी तलाश के लिए टीम लगाई गई है और जल्द ही गिरफ्तारी का आश्वासन दिया गया है।