​कानपुर में समलैंगिक महिला ने 'नव्या' बनकर किशोरी को प्रेम जाल में फंसाया और अपहरण कर बंगाल ले गई। आरोपी रूमाना ने अपने खून से किशोरी की मांग भरकर 'निकाह' रचाया।

उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले से एक रूह कपा देने वाला मामला सामने आया है, जहां समलैंगिक प्रेम के चक्कर में एक किशोरी के अपहरण और जबरन 'निकाह' की वारदात को अंजाम दिया गया। कानपुर के साढ़ थाना क्षेत्र की रहने वाली एक किशोरी को पश्चिम बंगाल की एक तलाकशुदा मुस्लिम महिला ने सोशल मीडिया के जरिए अपने जाल में फंसाया और फिर उसे बहला-फुल्का कर बंगाल ले गई। चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपी महिला ने न केवल किशोरी का धर्म परिवर्तन कराने की कोशिश की, बल्कि अपने खून से उसकी मांग भरकर 'निकाह' जैसी रस्म भी अदा की।

पुलिस की सक्रियता से अब आरोपी महिला सलाखों के पीछे है, लेकिन इस घटना ने तराई से लेकर बंगाल तक सनसनी फैला दी है।

​मामला तब प्रकाश में आया जब 5 अप्रैल को किशोरी अचानक गायब हो गई। परिजनों की शिकायत पर साढ़ पुलिस ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर तफ्तीश शुरू की। सर्विलांस की मदद से किशोरी की लोकेशन पश्चिम बंगाल के दक्षिण दिनाजपुर जिले में पाई गई। कानपुर पुलिस की एक विशेष टीम तुरंत बंगाल रवाना हुई, जहाँ पता चला कि आरोपी महिला का असली नाम रूमाना खातून (21) है, जिसने अपना नाम बदलकर 'नव्या' रखा था।

पुलिस के पहुँचने की भनक लगते ही रूमाना किशोरी को लेकर गुरुग्राम भागने की फिराक में ट्रेन में सवार हो गई, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उसे सेंट्रल स्टेशन पर गिरफ्तार कर लिया।

​गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस ने आरोपी रूमाना खातून के मोबाइल की जांच की, तो अधिकारी भी दंग रह गए। मोबाइल में किशोरी की मांग भरने और निकाह की रस्मों के कई फोटो और वीडियो मिले हैं। पूछताछ में सामने आया कि रूमाना ने अपने हाथ की नस काटकर खून निकाला और उससे किशोरी की मांग भरी थी।

आरोपी महिला किशोरी को पूरी तरह से अपने नियंत्रण में ले चुकी थी और उसे धर्म परिवर्तन के लिए मजबूर कर रही थी। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या इस मामले के पीछे कोई बड़ा सिंडिकेट या धर्मांतरण का गिरोह सक्रिय है।

​कानपुर पुलिस के थाना प्रभारी अवनीश कुमार सिंह के नेतृत्व में किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया गया है और उसे उसकी बहनों के सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस ने आरोपी महिला रूमाना खातून के खिलाफ अपहरण, धर्म परिवर्तन और पोक्सो जैसी गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है।

इस घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में भारी आक्रोश है, वहीं पुलिस ने अभिभावकों को सलाह दी है कि वे अपने बच्चों की सोशल मीडिया एक्टिविटी पर पैनी नजर रखें ताकि वे ऐसे डिजिटल प्रेम जाल के शिकार न हों।