शामली : उत्तर प्रदेश के शामली जिले से रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। कैराना क्षेत्र के इस्सोपुर खुरगान गांव में एक ससुर ने अपनी 24 वर्षीय बहू की बेरहमी से गला दबाकर हत्या कर दी। यह हत्या बहू द्वारा ससुर की गंदी नीयत का विरोध करने और उसके साथ संबंध बनाने से इनकार करने पर की गई।
पुलिस के चौंकाने वाले खुलासे में सामने आया है कि इस घिनौनी वारदात में मृतका का पति भी शामिल था, जो पंजाब में मजदूरी करता था और फोन पर ही उसने अपने पिता के साथ मिलकर पत्नी की मौत की खौफनाक साजिश रची थी। पुलिस ने हत्या के आरोप में ससुर और पति दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।
पति रहता था पंजाब, गांव में दूसरे युवक से था महिला का अफेयर
पुलिस अधीक्षक एनपी सिंह के अनुसार, मृतका मशकुरा की शादी तीन साल पहले सलमान नाम के युवक से हुई थी। शादी के बाद सलमान मजदूरी करने के लिए पंजाब के लुधियाना चला गया था, जबकि घर पर उसकी पत्नी मशकुरा, एक साल का बेटा और ससुर अब्बास उर्फ बासा रहते थे। पति के दूर रहने के कारण इसी बीच मशकुरा के संबंध मंडावर गांव के रहने वाले जाबिद नाम के युवक से बन गए।
ससुर अब्बास को जब अपनी बहू के इस प्रेम प्रसंग की भनक लगी, तो उसने इसका फायदा उठाने की नीयत से बहू को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। वह बहू को मायके वालों और पति को अफेयर के बारे में बताने की धमकी देकर कई बार अनैतिक संबंध बनाने का दबाव डालता था। पुलिस जांच में सामने आया कि 14 फरवरी की शाम करीब सात बजे जाबिद मशकुरा से मिलने घर आया था और करीब एक घंटा रुकने के बाद वहां से चला गया।
रात में ससुर ने की दरिंदगी की कोशिश, विरोध करने पर रची हत्या की साजिश
जाबिद के जाने के बाद उसी रात ससुर अब्बास अपनी बहू मशकुरा के कमरे में गया और उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाने का प्रयास किया। मशकुरा ने ससुर की इस हरकत का कड़ा विरोध किया और अपना बचाव करते हुए ससुर को जोर से लात मार दी। अपनी इस बेइज्जती और हवस पूरी न होने से बौखलाए अब्बास ने तुरंत रात में ही पंजाब में बैठे अपने बेटे सलमान को फोन मिला दिया।
उसने बेटे को मशकुरा और जाबिद के संबंधों के बारे में सब कुछ बता दिया। इसके बाद पिता-पुत्र दोनों ने फोन पर ही मशकुरा को हमेशा के लिए रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली। योजना के तहत अब्बास ने रात के अंधेरे में मशकुरा की गला दबाकर हत्या कर दी और शव को चारपाई पर लिटाकर ऊपर से कंबल ओढ़ा दिया ताकि किसी को कोई शक न हो।
स्वाभाविक मौत बताने का किया नाटक, वेल्डिंग मिस्त्री को बुलाकर कटवाई जाली
वारदात को अंजाम देने के बाद अगले दिन अब्बास ने इस हत्या को एक स्वाभाविक मौत या हादसे का रूप देने की पूरी कोशिश की। उसने बाहर से वेल्डिंग मिस्त्री नाजिम और नौशाद को बुलाया और गेट की जाली कटवाकर अंदर से कुंडी खुलवाने का नाटक किया, ताकि गांव वालों और पुलिस को लगे कि कमरा अंदर से बंद था और किसी बाहरी ने प्रवेश नहीं किया।
उसने गले के निशान को सीढ़ियों से गिरने की चोट बताया और पोस्टमार्टम कराने का भी कड़ा विरोध किया। हालांकि, मृतका के भाई शाकिर को शक हुआ और उसने दहेज हत्या की प्राथमिकी दर्ज करा दी। जब पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया, तो रिपोर्ट में गला दबाने से मौत होने की स्पष्ट पुष्टि हो गई।
इसके बाद जब पुलिस ने अब्बास से सख्ती से पूछताछ की तो वह टूट गया और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद पुलिस ने ससुर अब्बास और साजिश रचने वाले पति सलमान को गिरफ्तार कर लिया।