UP NEWS: सीएम योगी का हमला, कहा- कांग्रेस ने हमेशा अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को रौंदने का किया प्रयास

UP NEWS: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार सुबह गोरखनाथ मंदिर परिसर में मीडिया से बात की। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और इंडी गठबंधन पर जमकर हमला बोला। कहा- कांग्रेस के लोग बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के द्वारा बनाए गए संविधान का गला घोंटना चाहते है। सन 1950 में देश में संविधान लागू हुआ तब से कांग्रेस ने लगातार, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को रौंदने का प्रयास किया।
इमरजेंसी को भूली नहीं है जनता
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि इमरजेंसी को देश की जनता कभी नहीं भूल स सकती। यह भी देश के संविधान का गला घोंटने जैसा ही था। कांग्रेस ने यूपीए सरकार के समय जो कर्म किए हैं वह भी देश की जनता को याद है। तब सपा और बसपा पार्टी यूपीए सरकार में कांग्रेस की सहयोगी थीं। देश की जनता के साथ घोर पाप किया था।
CM योगी ने आगे कहा- भारतीय जनता पार्टी के भारी विरोध के कारण तत्कालीन कांग्रेस सरकार की मंशा पूरी नहीं हो सकी। अन्यथा उसी यूपीए सरकार में कांग्रेस धर्म के आधार पर पूरे देश मे आरक्षण देकर ओबीसी और एससी-एसटी के आरक्षण में सेंधमारी कर चुकी होती। सीएम योगी ने कहा कि कांग्रेस ने कर्नाटक में ओबीसी आरक्षण में सेंधमारी करते हुए धर्म के आधार पर आरक्षण देने की शुरुआत कर दी है।
संविधान को सर्वोच्च मानती है भाजपा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा भाजपा बाबा साहब डॉ अंबेडकर और सभी संविधान निर्माताओं का सम्मान करती है। भाजपा संविधान निर्माताओं की मंशा के अनुरूप भारत के संविधान को सर्वोच्च मानते हुए अपने संवैधानिक दायित्वों का ईमानदारीपूर्वक निर्वहन करने की पक्षधर है। भारतीय जनता पार्टी ने बाबा साहब अंबेडकर के मूल्यों और आदर्शों का पूरा सम्मान किया।